संयुक्त राष्ट्र महासभा में मानवाधिकार परिषद की रिपोर्ट पर चर्चा के दौरान भारत ने संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (यूएनएचआरसी) से सभी देशों के साथ समान व्यवहार करने की अपील की. संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन की प्रथम सचिव भाविका मंगलानंदन ने कहा कि परिषद की साख तभी बनी रह सकती है, जब वह दोहरे मापदंडों से बचे और मानवाधिकारों के नाम पर राजनीति न करे.

भारत ने कहा कि किसी देश को शामिल किए बिना उसके खिलाफ विशेष आदेश जारी करने से जमीनी स्तर पर बड़ा बदलाव नहीं आता. इसके बजाय ऐसे कदम परिषद के भीतर मतभेद बढ़ा सकते हैं. भारत के अनुसार, मानवाधिकारों की रक्षा के लिए किसी देश को निशाना बनाना या राजनीतिक फायदे के लिए चुनिंदा देशों पर सवाल उठाना प्रभावी तरीका नहीं है.

बातचीत और सहयोग पर जोर

भाविका मंगलानंदन ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर के फरवरी में मानवाधिकार परिषद के 61वें उच्चस्तरीय सत्र में दिए बयान का भी उल्लेख किया. भारत ने कहा कि मानवाधिकारों को आगे बढ़ाने का बेहतर तरीका आपसी बातचीत, क्षमता निर्माण में सहयोग और वास्तविक साझेदारी है. भारत ने यूनिवर्सल पीरियोडिक रिव्यू (UPR) को इस दिशा में बेहतर मंच बताया, क्योंकि इसमें संयुक्त राष्ट्र के सभी सदस्य देशों के मानवाधिकार रिकॉर्ड की समीक्षा होती है और प्रत्येक देश को समान आधार पर शामिल किया जाता है.

भारत इस साल 2026-28 के कार्यकाल के लिए सातवीं बार मानवाधिकार परिषद का सदस्य बना है. चर्चा के दौरान भारत ने आतंकवाद को मानवाधिकारों, विशेषकर जीवन के अधिकार के लिए गंभीर खतरा बताया और परिषद से इसके खिलाफ शून्य-सहिष्णुता का रुख अपनाने की अपील की.

विकास के अधिकार को भी प्राथमिकता

भारत ने कहा कि नागरिक और राजनीतिक अधिकारों के साथ आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक अधिकारों तथा विकास के अधिकार को भी समान महत्व मिलना चाहिए. भारत के मुताबिक, विकासशील देशों में गरीबी, बढ़ता कर्ज और आर्थिक संसाधनों तथा नई तकनीक तक सीमित पहुंच लोगों के अधिकारों में बड़ी बाधाएं हैं. इन चुनौतियों का समाधान दबाव के बजाय अंतरराष्ट्रीय सहयोग से किया जाना चाहिए.

भारत ने परिषद के कामकाज में पारदर्शिता की मांग भी रखी. उसने कहा कि सुधार प्रक्रिया सदस्य देशों की अगुवाई में होनी चाहिए और परिषद को उपलब्ध संसाधनों के भीतर काम करना चाहिए. भारत ने मानवाधिकार संबंधी कार्यों के लिए संयुक्त राष्ट्र के नियमित बजट से पर्याप्त वित्तपोषण की मांग की, ताकि परिषद की प्राथमिकताएं चुनिंदा देशों या संगठनों के स्वैच्छिक फंड पर निर्भर न रहें.

भारत ने महासभा और मानवाधिकार परिषद में एक जैसे मुद्दों पर बार-बार प्रस्ताव लाने से बचने की जरूरत बताई. उसका कहना है कि परिषद की रिपोर्टों, विशेष प्रतिवेदकों की रिपोर्ट समेत, को महासभा की थर्ड कमेटी में भेजने का बढ़ता चलन परिषद के अलग मंच के रूप में महत्व को कम कर सकता है.