नई दिल्ली में भारत और बेल्जियम के नौसैनिक अधिकारियों के बीच समुद्री सुरक्षा, परिचालन सहयोग और नौसैनिक तकनीक से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई. बेल्जियम के नौसेना प्रमुख रियर एडमिरल तांगी बोटमैन ने भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्ण स्वामीनाथन से मुलाकात की.
अधिकारियों के अनुसार, द्विपक्षीय वार्ता का उद्देश्य दोनों देशों के बीच समुद्री सहयोग को मजबूत करना और नौसेना-से-नौसेना संपर्क को आगे बढ़ाना था. बातचीत में परिचालन स्तर पर सहयोग बढ़ाने और नौसैनिक तकनीक के क्षेत्र में साझेदारी की संभावनाओं पर भी विचार किया गया.
दौरे की प्रमुख गतिविधियां
भारत पहुंचने के बाद रियर एडमिरल बोटमैन ने राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि दी. इसके बाद साउथ ब्लॉक के लॉन में उन्हें औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया.
उन्होंने भारतीय नौसेना के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से भी मुलाकात की और द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने के संभावित रास्तों पर चर्चा की. अधिकारियों ने कहा कि भारत और बेल्जियम के बीच लंबे समय से समुद्री संबंध हैं.
अधिकारियों के मुताबिक, यह दौरा दोनों देशों के नौसेना-से-नौसेना संबंधों में महत्वपूर्ण पड़ाव है. इससे मौजूदा संपर्कों को मजबूत करने और सहयोग के नए क्षेत्रों की तलाश के जरिए समुद्री साझेदारी को गति मिलने की उम्मीद है.
