नई दिल्ली: कथित ‘वोट चोरी’ और चुनावी सूची में अनियमितताओं के आरोपों को लेकर INDIA ब्लॉक का विरोध प्रदर्शन शुक्रवार, 9 अक्टूबर को चौथे दिन भी जारी है. विपक्षी सांसद संसद परिसर में एकत्र होकर राष्ट्रपति भवन की ओर मार्च करने की तैयारी में हैं.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सांसद संविधान सदन के सेंट्रल हॉल में राष्ट्रपति को सौंपे जाने वाले ज्ञापन पर हस्ताक्षर करेंगे. इसके बाद वे पैदल राष्ट्रपति भवन जाने की योजना बना रहे हैं. प्रदर्शनकारियों को जहां भी रोका जाएगा, वहां गिरफ्तारी देने की बात भी सामने आई है.

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराई है. कांग्रेस और विपक्षी दलों का कहना है कि यह आंदोलन संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए जारी रहेगा.

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात के लिए विपक्षी नेताओं को समय मिला है या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है. समाजवादी पार्टी के कई सांसदों के मार्च में शामिल होने की बात कही गई है, जबकि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना के इसमें शामिल नहीं होने की जानकारी है.