भारत अपनी लंबी तटरेखा पर समुद्री कचरे और तटीय प्रदूषण से निपटने के लिए सफाई अभियानों को नागरिक भागीदारी और वैज्ञानिक निगरानी से जोड़ रहा है. पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के समन्वय में चल रहा ‘स्वच्छ सागर, सुरक्षित सागर’ अभियान 2026 देश के 13 तटीय राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में स्वयंसेवकों, छात्रों, गैर-सरकारी संगठनों, तटीय समुदायों और नागरिक समूहों की भागीदारी पर आधारित है.

सफाई के साथ डेटा जुटाने पर जोर

राष्ट्रीय तटीय अनुसंधान केंद्र (NCCR) के अनुसार, अभियान में ‘Sagar Prahari’ मोबाइल ऐप के जरिए स्वयंसेवक सफाई स्थलों पर जमा समुद्री कचरे की तस्वीरें, श्रेणी और मात्रा दर्ज कर सकते हैं. इससे तटीय क्षेत्रों में कचरे की निगरानी के लिए नागरिक-आधारित डेटा तैयार होता है.

मंत्रालय के अनुसार, 2025 के अभियान में इस व्यवस्था के जरिए 150 टन से अधिक समुद्री कचरे का दस्तावेजीकरण किया गया. 2026 का अभियान समुद्र तटों की सफाई के साथ समुद्री जल गुणवत्ता, प्लास्टिक कचरा प्रबंधन और तटीय क्षरण जैसे मुद्दों पर भी ध्यान केंद्रित कर रहा है.

2025 में भारतीय तटरक्षक बल के नेतृत्व में हुए राष्ट्रीय अभियान में 26,000 से अधिक स्वयंसेवकों ने हिस्सा लिया था. अधिकारियों का कहना है कि ऐसे प्रयासों का उद्देश्य केवल तत्काल सफाई नहीं, बल्कि कचरा कम करने और जिम्मेदार उपभोग की आदतों को बढ़ावा देना भी है.