भारत ने कच्चे तेल की आपूर्ति के लिए अपने स्रोतों की संख्या 27 से बढ़ाकर 41 देशों तक कर दी है. पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि सरकार भू-राजनीतिक तनाव और अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों में व्यवधान के बीच आयात को और विविध बनाने, रिफाइनिंग क्षमता बढ़ाने तथा तेल के नए स्रोत तलाशने पर काम कर रही है.

नई दिल्ली में आयोजित ‘पाथवेज टू विकसित भारत कॉन्क्लेव’ में पुरी ने कहा कि किसी दूरस्थ समुद्री मार्ग में आया व्यवधान भारत के कारखानों की लागत और घरेलू बजट, दोनों को प्रभावित कर सकता है. उन्होंने होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास के व्यवधानों और लाल सागर में उभरते तनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार स्थिति पर नजर रख रही है और आपूर्ति निर्बाध बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं.

मंत्री के अनुसार, भारत प्रतिदिन 50 लाख बैरल से अधिक तेल का आयात कर रहा है, जबकि उसकी बढ़ती रिफाइनिंग क्षमता के आधार पर करीब 10 लाख बैरल का निर्यात भी हो रहा है. उन्होंने कहा कि कच्चे तेल की खरीद उपलब्धता और प्रतिस्पर्धी कीमतों के आधार पर जारी रहेगी. सरकारें ऊर्जा संबंधों का आधार तैयार करती हैं, लेकिन खरीद के व्यावसायिक निर्णय कीमत और उपलब्धता देखकर लिए जाते हैं.

पुरी ने कहा कि आर्थिक विस्तार और औद्योगिक गतिविधियों के बढ़ने से भारत की ऊर्जा मांग भी बढ़ेगी. इस मांग को पूरा करने के लिए घरेलू ऊर्जा उत्पादन बढ़ाना जरूरी होगा.

उन्होंने ‘समुद्र मंथन’ योजना से अगले तीन वर्षों में घरेलू तेल और गैस उत्पादन मजबूत होने की उम्मीद जताई. योजना के तहत 150 कुओं की ड्रिलिंग के लिए संसाधन उपलब्ध कराने की बात कही गई है. पुरी ने घरेलू तेल और गैस क्षमता का दोहन करने के लिए खोज एवं उत्पादन क्षेत्र में निवेश बढ़ाने की जरूरत पर भी जोर दिया.