2019 से 2024 के बीच राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर साइबर अपराध से जुड़ी 53.93 लाख शिकायतें दर्ज हुईं. इनमें से केवल 1.30 लाख मामलों में FIR दर्ज की गई, जो कुल शिकायतों का करीब 2.4% है. यह जानकारी राज्यसभा की गृह मामलों संबंधी स्थायी समिति की रिपोर्ट में सामने आई है. समिति के अध्यक्ष डॉ. राधामोहन दास अग्रवाल हैं.

रिपोर्ट में कहा गया है कि 1930 साइबर हेल्पलाइन और cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने के बाद भी कई मामलों में फॉलो-अप में देरी होती है. समिति ने अपराध के आंकड़ों और कानून-व्यवस्था से जुड़े दावों पर भी चिंता जताई है.

FIR के बजाय दूसरी तरह की एंट्री पर सवाल

समिति के अनुसार, कुछ मामलों में FIR दर्ज करने के बजाय गैर-संज्ञेय रिपोर्ट दर्ज की जाती है. रिपोर्ट में आशंका जताई गई है कि इससे गंभीर अपराधों का वास्तविक आंकड़ा कम दिखाई दे सकता है और पीड़ितों को न्याय पाने में कठिनाई हो सकती है.

समिति ने यह भी बताया कि राज्यों से राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो को आंकड़े भेजने में 1.5 से 2 साल तक की देरी हो सकती है. इससे सुरक्षा नीतियां और बजट पुराने आंकड़ों पर आधारित रहने का जोखिम है.

रिपोर्ट में ‘प्रिंसिपल ऑफेंस रूल’ का भी उल्लेख है. इसके तहत एक घटना में कई अपराध होने पर रिकॉर्ड में केवल मुख्य अपराध दर्ज हो सकता है, जबकि साइबर अपराध, महिला उत्पीड़न या लूट जैसे अन्य पहलुओं का अलग डेटा छूट सकता है.