भारत में डिजिटल लेन-देन और ऑनलाइन सेवाओं का इस्तेमाल बढ़ने के साथ साइबर धोखाधड़ी का जोखिम भी बढ़ रहा है. राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) के आंकड़ों के अनुसार, देश में साइबर अपराध के मामले 2023 के 86,420 से बढ़कर 2024 में 1,01,928 हो गए. यह 17.9% की वृद्धि है, जबकि इसी अवधि में कुल दर्ज अपराधों में 6% की कमी आई.
हालांकि, दर्ज मामले केवल वे घटनाएं दिखाते हैं जिनकी औपचारिक शिकायत हुई है. धोखाधड़ी के कई मामलों की रिपोर्ट नहीं की जाती. Lokniti-Centre for the Study of Developing Societies (CSDS) और Common Cause के 16 राज्यों में 8,306 नागरिकों के अध्ययन ने ऑनलाइन ठगी के संपर्क और इससे प्रभावित लोगों की सामाजिक-आर्थिक प्रोफाइल का आकलन किया.
किन तरह की ठगी सबसे आम है
सर्वे में 33% लोगों ने बताया कि उन्हें ऐसे डिलीवरी कॉल कई बार या कभी-कभी आए, जिनमें उन सामानों की डिलीवरी का दावा किया गया था जिन्हें उन्होंने ऑर्डर नहीं किया था. करीब 31% लोगों को अधिक रिटर्न का लालच देने वाले निवेश संबंधी कॉल नियमित रूप से मिले.
लगभग 27% लोगों ने बैंक अधिकारी बनकर निजी खाता विवरण मांगने वाले कॉल मिलने की बात कही. वहीं 23% लोगों को फोन के अवैध गतिविधियों से जुड़े होने का दावा करने वाले कॉल मिले और इतने ही लोगों को किसी परिचित के नाम पर तत्काल पैसे मांगने वाले संदेश या कॉल का सामना करना पड़ा. करीब 20% लोगों ने पुलिस या किसी अधिकारी के नाम पर डराने वाले कॉल मिलने की जानकारी दी.
ज्यादा ऑनलाइन रहने वालों पर अधिक निशाना
अध्ययन के मुताबिक, इंटरनेट का अधिक इस्तेमाल करने वाले लोगों में ठगी के संपर्क की संभावना ज्यादा थी. अधिक ऑनलाइन इस्तेमाल करने वालों में 18% लोग उच्च और 28% मध्यम ठगी-एक्सपोजर श्रेणी में थे. यानी 46% से अधिक लोग इन दोनों श्रेणियों में आए. इंटरनेट का इस्तेमाल नहीं करने वालों में यह अनुपात 5% उच्च और 14% मध्यम एक्सपोजर का था.
सर्वे में 13% लोगों ने पिछले दो-तीन वर्षों में साइबर अपराध का प्रत्यक्ष शिकार होने की बात कही. इनमें 54% ने वित्तीय धोखाधड़ी, 13% ने डिवाइस हैक होने और 11% ने निजी डेटा चोरी की जानकारी दी.
अमीर और ज्यादा शिक्षित लोगों में वित्तीय नुकसान अधिक
वित्तीय धोखाधड़ी का असर सामाजिक-आर्थिक स्थिति से भी जुड़ा दिखा. सबसे अमीर समूह के 57% लोग वित्तीय धोखाधड़ी के शिकार बताए गए, जबकि आर्थिक रूप से कमजोर समूह में यह आंकड़ा 47% था. बिना औपचारिक शिक्षा वाले respondents में 40% ने वित्तीय धोखाधड़ी का अनुभव बताया, जबकि कॉलेज स्नातकों में यह हिस्सा करीब 59% था.
साइबर अपराध के पीड़ितों में 80% से अधिक ने आर्थिक नुकसान की जानकारी दी. 23% लोगों ने ₹20,000 से ज्यादा गंवाए. आठ प्रतिशत का नुकसान ₹1,000 तक, 25% का ₹1,001 से ₹5,000 के बीच और करीब 29% का ₹5,000 से ₹20,000 के बीच रहा.
