भारत में डेटा सेंटरों का तेज विस्तार बिजली, निर्माण, पानी, साइबर सुरक्षा और रोजमर्रा के संचालन से जुड़े जोखिमों को एक साथ बढ़ा रहा है. वैश्विक बीमा ब्रोकर Howden के नए शोध के अनुसार, इन जोखिमों को अलग-अलग देखने के बजाय साइट चयन और डिजाइन से लेकर निर्माण तथा संचालन तक एकीकृत तरीके से प्रबंधित करने की जरूरत है.

शोध में बिजली के बुनियादी ढांचे को सबसे बड़ा जोखिम कारक बताया गया है. चुनौती केवल उत्पादन क्षमता की नहीं, बल्कि भरोसेमंद ग्रिड कनेक्टिविटी, सबस्टेशन क्षमता और हर स्थान पर पर्याप्त बैकअप व्यवस्था की भी है.

S&P के आंकड़ों के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत में डेटा सेंटरों की बिजली खपत 2016 से 2025 के बीच 68 गुना बढ़ी और इस अवधि में वार्षिक चक्रवृद्धि वृद्धि दर 60% रही. मांग 2030 तक 57 टेरावाट-घंटे तक पहुंचने का अनुमान है.

रिपोर्ट के मुताबिक, मौजूदा डेटा सेंटर परिसरों का विस्तार निर्माण और कारोबार बाधित होने के जोखिम को बढ़ा सकता है. साइबर हमले, पानी की उपलब्धता, आपस में जुड़े सिस्टम और गैर-भौतिक कारणों से होने वाली रुकावटें बीमा कवरेज और जोखिम आकलन को और जटिल बना रही हैं.