भारत का रक्षा निर्यात 2025-26 में 38,424 करोड़ रुपये तक पहुंच गया. संसद में पेश आंकड़ों के अनुसार, यह रकम इसी अवधि में विदेशी पूंजीगत रक्षा खरीद पर हुए 37,047.31 करोड़ रुपये के खर्च से अधिक है. रक्षा निर्यात में निजी क्षेत्र की हिस्सेदारी 45.2% रही.
पिछले पांच वर्षों में निजी कंपनियों का रक्षा निर्यात 7,271 करोड़ रुपये से बढ़कर 17,353 करोड़ रुपये हो गया. इस अवधि में निजी सैन्य उद्योग के निर्यात में 138.7% की बढ़ोतरी दर्ज की गई. रिपोर्ट के अनुसार, इस विस्तार में स्वदेशी सैन्य तकनीक और निजी उद्योगों को तकनीक हस्तांतरण की भूमिका रही.
निजी उद्योगों को 2,372 तकनीकों का हस्तांतरण
रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ने मिसाइल, रडार, ड्रोन और कॉम्बैट उपकरणों सहित विभिन्न क्षेत्रों में निजी उद्योगों को 2,372 तकनीकों का हस्तांतरण किया है. इससे रक्षा उपकरणों के निर्माण और निर्यात के लिए सरकारी प्रतिष्ठानों के साथ निजी कंपनियों का नेटवर्क भी मजबूत हुआ है.
रक्षा प्रतिष्ठान से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, निजी क्षेत्र के बढ़ते योगदान से किसी बड़े सैन्य संकट की स्थिति में हथियारों और उपकरणों की आपूर्ति केवल सरकारी कारखानों पर निर्भर नहीं रहेगी. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, आधुनिक रडार, ड्रोन, सेंसर और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध प्रणालियों में इस्तेमाल होने वाले सॉफ्टवेयर का सोर्स कोड उद्योगों के साथ साझा करने की दिशा में भी निर्णय हुआ है.
इस वित्त वर्ष में रक्षा उत्पादन 1.78 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने की जानकारी दी गई है. इसमें निजी क्षेत्र का योगदान करीब 24% है और अगले पांच वर्षों में स्वदेशी रक्षा उत्पादन 3 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने का लक्ष्य बताया गया है.
निर्यात ऑर्डर पर डीआरडीओ को 2% से 5% तक रॉयल्टी मिलती है. वहीं, भारतीय सैन्य बलों को की गई बिक्री पर रॉयल्टी नहीं मिलती. 2025-26 में कंपनियों ने भारतीय सैन्य बलों को 42,000 करोड़ रुपये के रक्षा उत्पाद बेचे.
