केंद्र सरकार ने भारत में पर्यावरण-आर्थिक लेखा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 2026-2030 की रणनीति जारी की है. सांख्यिकी एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्रालय की इस योजना में जंगल, पानी, जमीन, मिट्टी, खनिज, कार्बन स्टॉक, जैव विविधता और पर्यावरण से जुड़ी आर्थिक गतिविधियों का व्यापक लेखा तैयार करने पर जोर दिया गया है.

यह रणनीति 2022-2026 की पिछली योजना का अगला चरण है. इसका उद्देश्य प्राकृतिक संसाधनों और उनसे मिलने वाली पारिस्थितिकी सेवाओं को पारंपरिक आर्थिक संकेतकों के साथ समझना है. जंगलों के मामले में केवल लकड़ी का मूल्य नहीं, बल्कि पर्यावरण और मानव कल्याण को मिलने वाली सेवाओं का भी आकलन किया जाएगा.

योजना के तहत खनिजों के दोहन, कमी और नई खोजों से जुड़े आंकड़ों को व्यवस्थित करने की दिशा में काम होगा. पानी से जुड़े लेखे जल उपलब्धता, उपयोग और भूजल में कमी जैसे पहलुओं को समझने में मदद कर सकते हैं.

राज्यों की भी भागीदारी

मंत्रालय ने आंकड़ों की गुणवत्ता, समयबद्धता और आपसी तुलना में सुधार तथा मौजूदा डेटा अंतर को दूर करने को रणनीति का प्रमुख आधार बताया है. राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को पर्यावरणीय लेखा व्यवस्था शुरू करने या मजबूत करने के लिए मार्गदर्शन देने की भी योजना है. यह काम संयुक्त राष्ट्र के System of Environmental-Economic Accounting यानी SEEA ढांचे के अनुरूप किया जा रहा है.