भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते के तहत भारतीय स्टील को यूरोपीय बाजार में सालाना करीब 1.6-1.64 मिलियन टन तक शुल्क-मुक्त पहुंच मिलने की व्यवस्था की गई है. यह सुविधा सामान्य शुल्क-मुक्त आयात के बजाय टैरिफ-रेट कोटा के रूप में होगी. कोटा खत्म होने के बाद अतिरिक्त निर्यात पर अलग शुल्क लागू हो सकता है.

समझौते में यूरोपीय वाहन कंपनियों के लिए भी भारत के बाजार में आयात कोटा तय किया गया है. शुरुआती चरण में लगभग 1 लाख यात्री वाहन रियायती आयात शुल्क पर आ सकेंगे. यह संख्या आगे चलकर बढ़ेगी. 2025 में ईयू से भारत आए करीब 17,191 वाहनों की तुलना में शुरुआती कोटा लगभग छह गुना है.

रियायती कोटे के भीतर कारों पर आयात शुल्क मौजूदा ऊंचे स्तर से घटकर चरणबद्ध तरीके से कम होगा. उपलब्ध विवरण के अनुसार, कुछ श्रेणियों में शुल्क आगे चलकर 10 प्रतिशत तक आ सकता है, जबकि कार के पुर्जों पर शुल्क में भी समय के साथ राहत मिलेगी.

हालांकि, ये रियायतें कोटा और समझौते की लागू होने वाली शर्तों के अधीन रहेंगी. इसलिए वास्तविक आयात और भारतीय वाहन बाजार पर असर क्रियान्वयन की गति तथा कंपनियों की मांग पर निर्भर करेगा.