भारत और फ्रांस ने आतंकवाद के सभी रूपों, सीमा-पार आतंकवाद और हिंसक उग्रवाद की निंदा करते हुए आतंकवाद-रोधी सहयोग मजबूत करने पर सहमति जताई है. विदेश मंत्रालय के अनुसार, दोनों देशों के संयुक्त कार्य समूह (जे डब्ल्यू जी) की 18वीं बैठक 20 नवंबर को नई दिल्ली में हुई.
बैठक में दोनों पक्षों ने 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले और नवंबर 2025 में नई दिल्ली के लाल किला क्षेत्र के निकट हुई आतंकवादी घटना की कड़ी निंदा दोहराई.
बैठक की सह-अध्यक्षता
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, भारतीय पक्ष का नेतृत्व विदेश मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव (आतंकवाद-रोधी) सुहेल अजाज खान ने किया. फ्रांसीसी प्रतिनिधिमंडल की सह-अध्यक्षता आतंकवाद-रोधी और संगठित अपराध मामलों के विशेष दूत तथा एंबेसडर-एट-लार्ज ओलिवियर कैरों ने की.
दोनों देशों ने अपने-अपने क्षेत्रों और वैश्विक स्तर पर आतंकवादी खतरों का आकलन साझा किया. चर्चा में राज्य-प्रायोजित और सीमा-पार आतंकवाद से जुड़ी चुनौतियों का भी उल्लेख हुआ.
तकनीक और फंडिंग पर फोकस
बैठक में आतंकवादी समूहों द्वारा नई तकनीकों और वित्तीय प्रौद्योगिकी के संभावित दुरुपयोग से निपटने के तरीकों पर विचार किया गया. भारत ने फ्रांसीसी पक्ष को अपनी राष्ट्रीय आतंकवाद-रोधी नीति एवं रणनीति ‘प्रहार’ के बारे में जानकारी दी.
दोनों पक्षों ने सूचना साझा करने, क्षमता निर्माण, प्रशिक्षण तथा अनुभव और सर्वोत्तम प्रथाओं के आदान-प्रदान के जरिए सहयोग बढ़ाने की संभावना पर चर्चा की. आतंकवादी वित्तपोषण और ऑनलाइन कट्टरपंथ के खिलाफ उपायों को भी प्राथमिकता दी गई.
भारत और फ्रांस ने संयुक्त राष्ट्र, फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स (एफएटीएफ) और ‘नो मनी फॉर टेरर’ पहल जैसे बहुपक्षीय मंचों पर समन्वय मजबूत रखने की प्रतिबद्धता दोहराई. 19वीं संयुक्त कार्य समूह बैठक फ्रांस में पारस्परिक रूप से सुविधाजनक तारीख पर आयोजित करने पर सहमति बनी है.
