भारत में नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता के विस्तार से पिछले 15 वर्षों में कोयले और प्राकृतिक गैस के आयात पर 100 अरब डॉलर से अधिक की बचत हुई है. अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (IEA) की रिपोर्ट के अनुसार, इससे देश की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत हुई है और आयातित जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता घटाने में मदद मिली है.
भारत की नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता अब करीब 300 गीगावॉट है. मार्च 2014 से सितंबर 2026 के बीच देश में 168 गीगावॉट सौर और 38 गीगावॉट पवन ऊर्जा क्षमता जुड़ी. इस अवधि में बायोएनर्जी क्षमता भी लगभग 12 गीगावॉट हो गई. IEA ने भारत को दुनिया का दूसरा सबसे तेजी से बढ़ता नवीकरणीय ऊर्जा बाजार बताया है.
रिपोर्ट के मुताबिक, यदि अंतरराष्ट्रीय ईंधन कीमतें 2024-25 के औसत स्तर के आसपास बनी रहती हैं, तो 2030 तक कोयले और प्राकृतिक गैस के आयात पर संचयी बचत 240 अरब डॉलर तक पहुंच सकती है. उस समय सालाना बचत करीब 35 अरब डॉलर रहने का अनुमान है. यह वित्त वर्ष 2025 में गैर-कोकिंग कोयले और प्राकृतिक गैस के कुल आयात पर भारत के खर्च से अधिक होगी.
IEA का अनुमान है कि 2010 के बाद जोड़ी गई सौर, पवन और बायोएनर्जी क्षमता नहीं होती, तो 2025 में भारत का कोयला आयात करीब 11 करोड़ टन अधिक होता.
भारत ने 2025 में अपनी स्थापित बिजली क्षमता का 50% गैर-जीवाश्म ईंधन स्रोतों से हासिल करने का लक्ष्य निर्धारित समय से पांच साल पहले पूरा किया. रिपोर्ट में रूफटॉप सोलर, कंपनियों की नवीकरणीय ऊर्जा खरीद और घरेलू विनिर्माण विस्तार को भी इस वृद्धि का आधार बताया गया है. प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना और पीएम-कुसुम योजना का भी विशेष उल्लेख किया गया है.
