भारत और इजराइल ने संयुक्त राष्ट्र महासभा की प्रथम समिति में पारंपरिक हथियार नियंत्रण से जुड़े एक मसौदा प्रस्ताव के खिलाफ मतदान किया. यह प्रस्ताव पाकिस्तान और बेलारूस ने पेश किया था. 193 सदस्यीय संयुक्त राष्ट्र महासभा की प्रथम समिति ने 2 नवंबर 2026 को इसे 180 मतों से मंजूर किया. प्रस्ताव के विरोध में केवल भारत और इजराइल ने मतदान किया, जबकि कोई देश मतदान से अनुपस्थित नहीं रहा.

प्रस्ताव का शीर्षक ‘General and complete disarmament: Conventional arms control at the regional and subregional levels’ था. इसमें कहा गया था कि शीतयुद्ध के बाद शांति और सुरक्षा के लिए ज्यादातर खतरे एक ही क्षेत्र या उप-क्षेत्र के देशों के बीच पैदा होते हैं. इसलिए पारंपरिक हथियार नियंत्रण को मुख्य रूप से क्षेत्रीय और उप-क्षेत्रीय स्तर पर आगे बढ़ाया जाना चाहिए. प्रस्ताव में क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा मजबूत करने वाले ऐसे समझौतों को बढ़ावा देने की इच्छा जताई गई, जिनमें हथियारों और सैन्य बलों का स्तर संभवतः कम हो.

भारत की ओर से संयुक्त राष्ट्र में स्थायी मिशन के प्रथम सचिव अनमोल शेर बेदी ने मतदान की वजह बताई. उन्होंने कहा कि पारंपरिक हथियार नियंत्रण एक वैश्विक मुद्दा है और भारत इस विषय को मुख्य रूप से क्षेत्रीय तथा उप-क्षेत्रीय संदर्भों में आगे बढ़ाए जाने से पूरी तरह सहमत नहीं है. उन्होंने कहा कि भारत ने अपनी पिछली स्थिति के अनुरूप मतदान किया है.

भारत ने संयुक्त राष्ट्र निरस्त्रीकरण आयोग से क्षेत्रीय समझौतों के लिए सिद्धांत तैयार करने के अनुरोध पर भी सवाल उठाया. बेदी के अनुसार, आयोग 1993 में क्षेत्रीय निरस्त्रीकरण, 1999 में पारंपरिक हथियार नियंत्रण और निरस्त्रीकरण तथा 2017 में पारंपरिक हथियारों के क्षेत्र में व्यावहारिक विश्वास-निर्माण उपायों पर सहमति से दिशानिर्देश और सिफारिशें अपना चुका है. भारत का सवाल था कि इस विषय पर पहले से सहमति वाले नतीजे मौजूद होने के बावजूद फिर से विचार-विमर्श क्यों शुरू किया जा रहा है.

भारत ने क्षेत्र या उप-क्षेत्र में रक्षा क्षमताओं के संतुलन पर प्रस्ताव के जोर पर भी आपत्ति जताई. बेदी ने कहा कि देशों की सुरक्षा चिंताएं क्षेत्रीय सीमाओं पर समाप्त नहीं होतीं और क्षेत्रीय सैन्य संतुलन बनाए रखने की धारणा व्यावहारिक नहीं लगती.

भारत ने दक्षिण एशिया में पारंपरिक हथियार नियंत्रण से जुड़े प्रस्तावों का उल्लेख करने वाले एक अलग पैराग्राफ के खिलाफ भी मतदान किया.