भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह और जापान एयर सेल्फ-डिफेंस फोर्स के चीफ ऑफ स्टाफ जनरल ताकेहिरो मोरिता ने रविवार को तेजस लड़ाकू विमान में उड़ान भरी. यह उड़ान राजस्थान के जोधपुर स्थित एयर फोर्स स्टेशन में चल रहे भारत-जापान द्विपक्षीय वायु अभ्यास ‘वीर गार्जियन-2026’ के दौरान हुई.
यह अभ्यास 9 सितंबर को शुरू हुआ था और 22 सितंबर तक चलेगा. इसमें दोनों देशों की वायु सेनाएं उन्नत परिचालन मिशनों, मिशन प्लानिंग और पेशेवर अनुभवों के आदान-प्रदान में हिस्सा ले रही हैं.
भारतीय वायुसेना अभ्यास में स्वदेशी हल्के लड़ाकू विमान तेजस के अलावा सुखोई-30एमकेआई और राफेल लड़ाकू विमानों के साथ शामिल है. जापान एयर सेल्फ-डिफेंस फोर्स ने एफ-2ए लड़ाकू विमानों को अभ्यास के लिए तैनात किया है.
इस अभ्यास में जापानी लड़ाकू विमानों की भारत में पहली बार तैनाती हुई है. जापान के एफ-2 विमान 8 सितंबर को जोधपुर पहुंचे थे. दोनों देशों के वायु सैनिकों के बीच उन्नत अभियानों के साथ व्यापक पेशेवर बातचीत भी हो रही है.
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 10 सितंबर को जापानी लड़ाकू विमानों के अभ्यास में शामिल होने को भारत-जापान रक्षा साझेदारी के लिए ‘महत्वपूर्ण मील का पत्थर’ बताया था. उन्होंने कहा था कि जापानी लड़ाकू विमानों की भारत यात्रा दोनों देशों के बीच बढ़ते भरोसे और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति व स्थिरता के साझा संकल्प को दर्शाती है.
