भारत और जापान ने रक्षा सहयोग को एक नई दिशा देते हुए जापान के Self-Defence Forces को भारतीय फायरिंग रेंज के इस्तेमाल की अनुमति देने वाले Letter of Intent (LoI) का स्वागत किया है. दोनों देशों के संयुक्त बयान के मुताबिक, यह पहली बार होगा जब जापानी बल भारत में लाइव-फायर प्रशिक्षण करेंगे. इसमें सतह से जहाज पर मार करने वाली मिसाइलों से जुड़े अभ्यास भी शामिल हो सकते हैं.
यह घोषणा 19 नवंबर 2026 को टोक्यो में हुए भारत-जापान ‘टू-प्लस-टू’ विदेश और रक्षा मंत्रिस्तरीय संवाद के बाद की गई. वार्ता में भारत की ओर से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस. जयशंकर तथा जापान की ओर से उनके समकक्ष तोशिमित्सु मोतेगी और शिंजिरो कोइजुमी शामिल हुए.
नौसैनिक रडार प्रणाली पर आगे बढ़ी चर्चा
संयुक्त बयान में जापान की ओर से भारत को प्रस्तावित Unified Complex Radio Antenna यानी UNICORN नौसैनिक रडार प्रणाली का भी उल्लेख किया गया. दोनों पक्षों ने कहा कि इस प्रणाली के लिए ‘Acceptance of Necessity’ की शुरुआती प्रक्रिया अगले साल फरवरी तक आगे बढ़ने की दिशा में है. उपलब्ध जानकारी में अंतिम खरीद या आपूर्ति समझौते की घोषणा नहीं की गई है.
दोनों देशों ने सुरक्षा और रक्षा सहयोग को गहरा करने के साथ ही जरूरत पड़ने पर कम समय में द्विपक्षीय और बहुपक्षीय सैन्य अभ्यास आयोजित करने पर सहमति जताई. भारत और जापान ने माइन काउंटरमेजर्स क्षमताओं, नौसैनिक पोत निर्माण और डिजाइन में संयुक्त विकास तथा दोनों देशों की नौसेनाओं के बीच सूचना साझा करने की व्यवस्था मजबूत करने पर भी चर्चा की.
अभ्यास और तकनीकी सहयोग का विस्तार
भारत और जापान ने 2026 के Malabar बहुपक्षीय नौसैनिक अभ्यास तथा जापान में हुए Japan-India Maritime Exercise (JAIMEX) में दोनों देशों की भागीदारी का स्वागत किया. विशेष अभियान बलों के बीच संयुक्त अभ्यास और आदान-प्रदान बढ़ाने पर भी सहमति बनी.
इसके अलावा, भारत के Defence Research and Development Organisation (DRDO) और जापान की Acquisition, Technology and Logistics Agency (ATLA) के बीच उन्नत मिसाइल और रक्षा तकनीकों में सहयोग आगे बढ़ाने की बात कही गई. दोनों पक्षों ने एयर डोमेन अवेयरनेस और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में बहुपक्षीय रक्षा भागीदारी बढ़ाने पर भी चर्चा की.
बैठक में भारतीय और जापानी नागरिकों की संभावित निकासी से जुड़े मामलों के लिए दोनों देशों के कांसुलर अधिकारियों के बीच संवाद और टेबलटॉप एक्सरसाइज की योजना पर भी विचार किया गया.
