विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के नवीनतम अनुमानों के मुताबिक भारत में 2023 के दौरान जन्म के समय जीवन प्रत्याशा 71 साल रही. यह पाकिस्तान की 68.2 साल की तुलना में अधिक है, लेकिन बांग्लादेश (72.7 साल), अमेरिका (78.5 साल) और कनाडा (81.4 साल) से कम है.

WHO के Global Health Estimates में 2000 से 2023 तक जीवन प्रत्याशा, स्वस्थ जीवन प्रत्याशा, मृत्यु के कारणों और बीमारी के बोझ का आकलन शामिल है. अनुमानों के अनुसार, भारत की जीवन प्रत्याशा 2019 में 70.5 साल से घटकर 2021 में 68.1 साल हो गई थी. इसके बाद यह 2022 में 70.5 और 2023 में 71 साल पर पहुंची. यानी 2021 से दो वर्षों में इसमें 2.9 साल की रिकवरी हुई.

हालांकि, स्वस्थ जीवन प्रत्याशा में सुधार अपेक्षाकृत धीमा रहा. यह 2019 में 60.5 साल थी, 2021 में घटकर 58.4 साल हो गई और 2023 में 60.6 साल पर पहुंची. 60 वर्ष की उम्र के बाद 2023 में भारतीयों के औसतन 18.8 साल और जीने का अनुमान था. इनमें 13.7 साल पूर्ण स्वास्थ्य में रहने की उम्मीद थी.

भारत में बीमारी का बदलता पैटर्न

WHO के आंकड़ों के अनुसार, भारत में मृत्यु के 10 प्रमुख कारणों में गैर-संचारी रोगों का हिस्सा 2000 के करीब 34% से बढ़कर 2023 में लगभग 75% हो गया. इसके विपरीत, संक्रामक रोगों का हिस्सा करीब 62% से घटकर 16% रह गया.

2023 में इस्केमिक हृदय रोग, क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज, स्ट्रोक और डायबिटीज प्रमुख कारणों में रहे. इनसे मृत्यु दर क्रमशः 138.5, 83.19, 74.8 और 49.01 प्रति एक लाख आबादी बताई गई. इसके बावजूद डायरिया, टीबी और निचले श्वसन संक्रमण जैसे संक्रामक रोग अब भी भारत के 10 प्रमुख मृत्यु कारणों में शामिल हैं.

वैश्विक स्तर पर 2023 में गैर-संचारी रोगों की हिस्सेदारी 74% रही. दुनिया की जीवन प्रत्याशा 73.3 साल तक पहुंची, जबकि स्वस्थ जीवन प्रत्याशा 62.8 साल रही.