Pew Research Center की नई रिपोर्ट के अनुसार, भारत में मुस्लिम आबादी 2020 से 2070 के बीच करीब 57% बढ़ सकती है. यह अनुमान ऐसे समय का है जब मुस्लिम महिलाओं की औसत प्रजनन दर पिछले तीन दशकों में काफी कम हुई है और हिंदुओं के साथ प्रजनन दर का अंतर भी लगातार घटा है.

रिपोर्ट के मुताबिक इस वृद्धि की प्रमुख वजह मुस्लिम समुदाय की अपेक्षाकृत युवा आयु-प्रोफाइल है. 2020 में भारत में मुस्लिम आबादी की औसत आयु 24 वर्ष थी, जबकि हिंदू आबादी की औसत आयु 29 वर्ष थी. युवा आबादी में प्रजनन आयु तक पहुंचने वाले लोगों का अनुपात अधिक होता है. इसलिए औसत बच्चों की संख्या घटने के बाद भी आबादी कई दशकों तक बढ़ सकती है. जनसांख्यिकी में इसे ‘पॉपुलेशन मोमेंटम’ कहा जाता है.

Pew के अनुमान के अनुसार, भारत में मुस्लिम आबादी 2020 के 21.306 करोड़ से बढ़कर 2070 में 33.362 करोड़ हो सकती है. यानी पांच दशकों में करीब 12.1 करोड़ की वृद्धि का अनुमान है. इस दौरान मुस्लिम आबादी की हिस्सेदारी लगभग 15% से बढ़कर 20% हो सकती है. वहीं, हिंदू आबादी की हिस्सेदारी करीब 79% से घटकर 76% रहने का अनुमान है. रिपोर्ट यह भी स्पष्ट करती है कि 2070 तक हिंदू भारत की तीन-चौथाई से अधिक आबादी बने रहेंगे.

प्रजनन दर में लगातार गिरावट

राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण के अनुसार, मुस्लिम महिलाओं की कुल प्रजनन दर 1992-93 में 4.4 बच्चे प्रति महिला थी, जो 2019-21 में घटकर 2.36 रह गई. इसी अवधि में हिंदू महिलाओं की प्रजनन दर 3.3 से घटकर 1.94 बच्चे प्रति महिला हो गई. NFHS-5 के अनुसार, 2015-16 से 2019-21 के बीच मुस्लिम महिलाओं की दर 2.62 से घटकर 2.36 और हिंदू महिलाओं की दर 2.13 से घटकर 1.94 हुई.

इस तरह दोनों समुदायों के बीच प्रजनन दर का अंतर पहले की तुलना में काफी कम हुआ है. भारत की कुल प्रजनन दर भी NFHS-5 में 2.0 बच्चे प्रति महिला दर्ज की गई, जो आमतौर पर माने जाने वाले 2.1 के प्रतिस्थापन स्तर से नीचे है.

Pew ने कहा है कि उसके मॉडल में उम्र, प्रजनन दर, मृत्यु दर, प्रवासन और धार्मिक बदलाव जैसे कारकों को शामिल किया गया है. रिपोर्ट के अनुसार, शिक्षा और गर्भनिरोधक साधनों तक पहुंच बढ़ने के साथ अलग-अलग समुदायों की प्रजनन दर का अंतर आगे भी धीरे-धीरे कम होने की संभावना है.

रिपोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया है कि अनुमान बड़े पैमाने पर धर्मांतरण को मुस्लिम आबादी की वृद्धि का मुख्य कारण नहीं मानता. उम्र की संरचना और प्रजनन दर को प्रमुख कारक बताया गया है. चूंकि भारत की 2021 की जनगणना में देरी हुई है, इसलिए 2020 के आधार आंकड़ों के लिए 2011 की जनगणना और बाद के जनसांख्यिकीय आंकड़ों का इस्तेमाल किया गया.

Pew के अनुसार, ये आंकड़े निश्चित भविष्यवाणी नहीं, बल्कि मौजूदा जनसांख्यिकीय प्रवृत्तियों और मान्यताओं पर आधारित अनुमान हैं. युद्ध, महामारी, आर्थिक संकट, प्राकृतिक आपदा या अन्य बड़े बदलाव जनसंख्या की दिशा को प्रभावित कर सकते हैं.