प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भारत-म्यांमार कथित ड्रग तस्करी और हवाला नेटवर्क से जुड़े मामले में चार और लोगों को गिरफ्तार किया है. इन गिरफ्तारियों के बाद मामले में गिरफ्तार आरोपियों की कुल संख्या 10 हो गई है. एजेंसी ने नेटवर्क से जुड़े 991 बैंक खातों को फ्रीज करने की जानकारी दी है.

ED की आइजोल सब-जोनल ऑफिस ने यह कार्रवाई धनशोधन निवारण कानून (PMLA) के तहत की. एजेंसी के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी पहले से ही नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) से जुड़े मामलों में आइजोल सेंट्रल जेल में बंद थे. आरोपियों की पहचान लालराममुआना, थांगसिंतुआंग उर्फ चिंतुआंग, जबरुल हक और अबू सालेह Md Saif Uddin के रूप में हुई है. उन्हें 48 घंटे की ED हिरासत में भेजा गया है.

जांच में सामने आया वित्तीय नेटवर्क

जांच एजेंसी के अनुसार, कथित नेटवर्क में म्यांमार स्थित ड्रग आपूर्तिकर्ताओं, मिजोरम के ऑपरेटरों और असम समेत अन्य क्षेत्रों के मनी हैंडलर्स के बीच करोड़ों रुपये के लेनदेन के संकेत मिले हैं. एक संदिग्ध बैंक खाते से 11.44 करोड़ रुपये के लेनदेन का पता चला, जिसमें 6.67 करोड़ रुपये नकद जमा किए गए थे.

चुराचांदपुर में 23 अक्टूबर को की गई तलाशी के दौरान कथित सीमा-पार धन हस्तांतरण से जुड़े कैशबुक, रजिस्टर और नोटबुक बरामद किए गए. ED के मुताबिक, इनमें 43 करोड़ से अधिक म्यांमार क्यात के लेनदेन और KPay के जरिए भुगतान के रिकॉर्ड मिले हैं. एजेंसी यह भी जांच रही है कि ड्रग भुगतान को नकद हस्तांतरण के बजाय खाद्य तेल, दवाइयों, किराना और ईंधन जैसी वस्तुओं की आपूर्ति के जरिए कैसे निपटाया गया.