केंद्र सरकार ने भारत की वीजा व्यवस्था को सरल बनाने के लिए मुख्य श्रेणियों और आवेदन फॉर्म में बदलाव किए हैं. गृह मंत्रालय के अनुसार, मुख्य वीजा श्रेणियां 13 से घटाकर नौ और उप-श्रेणियां 49 से घटाकर 23 कर दी गई हैं. आवेदन फॉर्म में गैर-जरूरी कॉलम हटाकर उन्हें 65 से 70 प्रतिशत तक छोटा किया जाएगा.
सबसे अहम बदलाव के तहत ‘टूरिस्ट वीजा’ का नाम बदलकर ‘विजिटर वीजा’ किया गया है. मंत्रालय के मुताबिक, यह श्रेणी केवल सामान्य पर्यटन तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि कम अवधि की कारोबारी बैठकों, चिकित्सा परामर्श, वेलनेस रिट्रीट, छोटे चिकित्सा उपचार और भारतीय भाषाओं, संगीत, कला व शिल्प के अल्पकालिक पाठ्यक्रम जैसी गतिविधियों को भी समेटेगी.
विजिटर वीजा के दो विकल्प
विजिटर वीजा को V-1 और V-2 उप-श्रेणियों में बांटा गया है. V-1 वीजा 30 दिन की अवधि और मल्टीपल एंट्री के साथ दिया जाएगा. इसमें ऊपर बताई गई अल्पकालिक गतिविधियां शामिल होंगी. V-2 वीजा लंबी अवधि के आगंतुकों के लिए होगा और इसकी वैधता एक, पांच या 10 वर्ष हो सकती है. इसमें V-1 के तहत अनुमत गतिविधियों के साथ पर्वतारोहण भी शामिल है. पर्वतारोहण के लिए छह महीने का मल्टीपल-एंट्री वीजा दिया जाएगा.
मेडिकल, छात्र और बिजनेस वीजा में बदलाव
मेडिकल वीजा व्यवस्था में सामान्य चिकित्सा और AYUSH उपचार के लिए अलग प्रावधान बनाए रखे गए हैं. M-1 वीजा सामान्य चिकित्सा उपचार और M-3 वीजा AYUSH उपचार के लिए होगा. दोनों की वैधता सामान्यतः एक वर्ष और एंट्री मल्टीपल होगी. इनके साथ आने वाले लोगों के लिए क्रमशः M-2 और M-4 अटेंडेंट वीजा का प्रावधान है.
स्टूडेंट वीजा को S-1 और S-2 में समेटा गया है. S-1 स्कूल, स्नातक और स्नातकोत्तर शिक्षा के लिए, जबकि S-2 पीएचडी, शोध, विजिटिंग फैकल्टी, इंटर्नशिप, एक्सचेंज प्रोग्राम और कुछ अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के लिए होगा. ‘Study in India’ पोर्टल के जरिए दाखिला लेने वाले छात्रों को e-S1 वीजा पाठ्यक्रम की अवधि या अधिकतम पांच वर्ष तक मिल सकता है.
बिजनेस वीजा को B-1 और B-2 में बांटा गया है. B-1 लंबी अवधि की लाइसेंस-आधारित कारोबारी गतिविधियों के लिए और B-2 छोटी अवधि के अनुबंध-आधारित काम, सम्मेलन, खेल, परफॉर्मिंग आर्ट्स, फिल्म तथा Production Investment Business गतिविधियों के लिए होगा.
नए प्रवेश बिंदु और लागू होने की तैयारी
मंत्रालय ने विदेशियों के भारत प्रवेश के लिए 11 नए बिंदु भी अधिसूचित किए हैं. इनमें भोपाल और तिरुपति के हवाई अड्डे तथा अगरतला, दारंगा, गेडे, घोजाडांगा, हरिदासपुर, जयगांव, डॉकी, मोरेह और अटारी रोड के लैंड पोर्ट शामिल हैं.
सरकार वीजा व्यवस्था में किए गए बदलावों को लागू करने के लिए अपने आईटी सिस्टम अपडेट कर रही है. मंत्रालय के अनुसार, नई व्यवस्था के तहत वीजा जारी करने की प्रक्रिया वर्ष के अंत तक शुरू करने का लक्ष्य है. वर्तमान में e-visa सुविधा 172 देशों के नागरिकों के लिए उपलब्ध है.
