भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुक्त व्यापार समझौता (FTA) 20 अक्टूबर 2026 से लागू होगा. केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि समझौते को विजयादशमी के अवसर पर लागू किया जाएगा. भारत और न्यूजीलैंड ने इस समझौते पर 27 अप्रैल को हस्ताक्षर किए थे.

समझौते के लागू होने के दिन से न्यूजीलैंड को भारत के सभी निर्यात पर शुल्क समाप्त हो जाएगा. अभी न्यूजीलैंड में भारतीय उत्पादों की कुछ श्रेणियों पर अधिकतम 10 प्रतिशत तक शुल्क लगता है. इनमें सिरेमिक, कालीन, ऑटोमोबाइल और ऑटो कंपोनेंट शामिल हैं.

समझौते के तहत न्यूजीलैंड ने अगले 15 वर्षों में भारत में 20 अरब डॉलर के प्रत्यक्ष विदेशी निवेश की प्रतिबद्धता जताई है. गोयल ने कहा कि न्यूजीलैंड के निवेशकों की मदद के लिए भारत में विशेष निवेश सुविधा डेस्क स्थापित किए जाएंगे. उनका कहना था कि अब प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि समझौते के प्रावधान दोनों देशों के कारोबार और लोगों के लिए व्यावहारिक लाभ में बदलें.

भारत ने घरेलू किसानों और डेयरी क्षेत्र के हितों को समझौते में सुरक्षित रखने की बात कही है. प्याज, चना, मटर, मक्का, बादाम, कृत्रिम शहद और चीनी को FTA से बाहर रखा गया है. गोयल के अनुसार, भारत ने न्यूजीलैंड की कृषि दक्षता का लाभ लेने के साथ संवेदनशील घरेलू क्षेत्रों की सुरक्षा पर भी ध्यान दिया है.

न्यूजीलैंड के व्यापार मंत्री टॉड मैक्ले ने समझौते को उच्च गुणवत्ता वाला करार दिया. उनके अनुसार, वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता के दौर में यह समझौता दोनों देशों के कारोबारी समुदायों को भरोसा देगा. FTA पर बातचीत 16 मार्च 2025 को शुरू हुई थी और 22 दिसंबर 2025 को पूरी हुई.

कनाडा और चिली के साथ वार्ता पर भी जोर

गोयल ने भारत-कनाडा व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (CEPA) की बातचीत तेज करने की बात कही. दोनों देशों के बीच चौथे दौर की वार्ता 18 सितंबर को नई दिल्ली में पूरी हुई. पांचवें दौर की बातचीत 5 अक्टूबर से शुरू होने वाली है. मंत्री ने कहा कि अगले 90 दिन भारत-कनाडा संबंधों के लिए महत्वपूर्ण होंगे.

भारत-चिली FTA वार्ता भी आने वाले कुछ महीनों में पूरी होने की उम्मीद जताई गई है. एक अधिकारी के अनुसार, दोनों देश चिली के साथ CEPA को अंतिम रूप देने के करीब हैं. चिली महत्वपूर्ण खनिजों से समृद्ध देश है. इसके अलावा, भारत और यूरोपीय संघ के बीच FTA पर दिसंबर तक हस्ताक्षर होने की उम्मीद बताई गई है.