भारत की परमाणु ऊर्जा परियोजनाओं और उनकी समयसीमा से जुड़ी जानकारी आरटीआई जवाबों के जरिए सामने आई है. इसके अनुसार, तमिलनाडु के कलपक्कम में बन रहा 500 मेगावाट का प्रोटोटाइप फास्ट ब्रीडर रिएक्टर मार्च 2027 तक पूरा होने की उम्मीद है.
यह जानकारी भाविनी के 4 सितंबर के आरटीआई जवाब में दी गई है. फास्ट ब्रीडर रिएक्टर भारत की तीन चरणों वाली परमाणु ऊर्जा योजना का अहम हिस्सा माना जाता है. इसका उद्देश्य इस्तेमाल किए गए ईंधन से आगे उपयोग लायक ईंधन तैयार करना है. इससे भविष्य में थोरियम आधारित परमाणु ईंधन के इस्तेमाल का रास्ता खुल सकता है.
2030 तक पूरी होने वाली प्रमुख परियोजनाएं
एनपीसीआईएल के जवाब के मुताबिक, राजस्थान के रावतभाटा में 700 मेगावाट का आरएपीपी-8 रिएक्टर शुरू होने के अंतिम चरण में है और इसके 2026 में चालू होने की संभावना है. आरएपीपी-7 में कारोबारी उत्पादन शुरू हो चुका है. दोनों इकाइयों की कुल मंजूर लागत 22,924 करोड़ रुपये बताई गई है.
तमिलनाडु के कुडनकुलम में रूस के सहयोग से 1,000 मेगावाट क्षमता वाली चार और इकाइयां बनाई जा रही हैं. यूनिट 3 और 4 के क्रमशः जून 2027 और जून 2028 तक पूरा होने की उम्मीद है. यूनिट 5 और 6 के लिए जून 2029 और मार्च 2030 की समयसीमा दी गई है. इन दोनों परियोजना समूहों की मंजूर लागत क्रमशः 68,893 करोड़ रुपये और 69,437 करोड़ रुपये है.
कर्नाटक के कैगा में 700 मेगावाट की यूनिट 5 और 6 का निर्माण 1 मार्च 2026 को पहला कंक्रीट डाले जाने के साथ शुरू हुआ. हरियाणा के गोरखपुर में 700 मेगावाट की दो इकाइयां निर्माणाधीन हैं. इनके अलावा गोरखपुर, मध्य प्रदेश के चुटका और राजस्थान के माही बांसवाड़ा में कुल आठ 700 मेगावाट इकाइयां शुरुआती तैयारी या मंजूरी के चरण में हैं.
भारत ने 2047 तक परमाणु बिजली क्षमता को 100 गीगावाट तक ले जाने का लक्ष्य रखा है.
