भारत ने बांग्लादेश की राजधानी धाका के इलाकों को नई दिल्ली के रूप में दिखाने वाले चीनी व्लॉगर्स और लाइवस्ट्रीमर्स की गतिविधियों पर आपत्ति जताई है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि किसी भी देश की विकृत तस्वीर पेश करने के ऐसे प्रयास दुर्भाग्यपूर्ण हैं. उन्होंने संबंधित अधिकारियों से इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की अपील की.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, चीनी नागरिकों के समूह ने धाका के उत्तरा और टेकपारा इलाकों में कई महीनों तक वीडियो बनाए और उन्हें चीन के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर प्रसारित किया. रिपोर्टों में करीब 150 चीनी व्लॉगर्स और प्रभावशाली कंटेंट क्रिएटर्स के शामिल होने का दावा किया गया है, हालांकि इस संख्या की स्वतंत्र आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है.
बताया गया है कि कुछ लाइवस्ट्रीम में इन इलाकों को नई दिल्ली बताया गया और वहां की गरीबी, गंदगी तथा खराब बुनियादी सुविधाओं पर टिप्पणियां की गईं. जायसवाल ने कहा कि झूठे नैरेटिव फैलाने से ऐसे प्रयास करने वालों और उनके पीछे मौजूद लोगों की विश्वसनीयता कमजोर होती है.
यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब भारत और चीन अपने संबंधों को सामान्य बनाने की कोशिश कर रहे हैं.
