संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष (UNFPA) की State of the World Population Report 2026 के अनुसार भारत की अनुमानित आबादी 2026 में 1.47 अरब यानी करीब 147.66 करोड़ है. रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत की आबादी लगभग 40 साल बाद 170 करोड़ के आसपास पहुंचने के बाद घटनी शुरू हो सकती है. आबादी के दोगुना होने की अवधि 81 साल आंकी गई है.

रिपोर्ट के मुताबिक भारत में 10 से 24 वर्ष आयु वर्ग के लोग कुल आबादी का 26% हैं. 15 से 64 वर्ष आयु वर्ग की हिस्सेदारी 69% है, जबकि 65 वर्ष और उससे अधिक उम्र के लोगों की आबादी 8% है. UNFPA ने इस स्थिति को भारत का “युवा क्षण” बताते हुए कहा कि युवाओं के लिए निवेश का अवसर खुला है.

भारत की कुल प्रजनन दर 1.9 दर्ज की गई है, जो 2.1 के प्रतिस्थापन स्तर से कम है. इसका अर्थ है कि औसतन महिलाएं आबादी को एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक समान बनाए रखने के लिए जरूरी संख्या से कम बच्चों को जन्म दे रही हैं. भारत में पुरुषों की जीवन प्रत्याशा 71 वर्ष और महिलाओं की 74 वर्ष बताई गई है.

रिपोर्ट में 73 देशों के 1.08 लाख से अधिक इंटरनेट-से जुड़े वयस्कों के सर्वेक्षण का भी इस्तेमाल किया गया है. इसमें भारत के 1,722 लोग शामिल थे. सर्वेक्षण के अनुसार भारत में 83% प्रतिभागियों ने भविष्य को लेकर सकारात्मक या बहुत सकारात्मक भावना जताई, हालांकि संघर्ष, आर्थिक असुरक्षा और असमानता को लेकर चिंता भी सामने आई.

18 से 39 वर्ष की महिलाओं ने आदर्श परिवार का आकार औसतन 2.1 बच्चे बताया. 35 से 39 वर्ष आयु के लगभग 85% संतानहीन प्रतिभागियों ने भविष्य में माता-पिता बनने की इच्छा जताई. UNFPA ने युवाओं के लिए गोपनीय और गैर-आलोचनात्मक यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य जानकारी, गर्भनिरोध, मासिक धर्म स्वास्थ्य, STI रोकथाम और मातृत्व सेवाओं को मजबूत करने की जरूरत बताई है.