भारत में अत्यधिक गरीबी तेजी से घटी है, लेकिन अब गरीबी उन्मूलन की अगली चुनौती उन राज्यों में बेहतर रोजगार और स्थिर आय पैदा करना है, जहां गरीब आबादी का बड़ा हिस्सा अब भी रहता है. विश्व बैंक के अक्टूबर 2026 के Poverty & Equity Brief के अनुसार, भारत के करीब 57% गरीब उत्तर प्रदेश से पश्चिम बंगाल तक फैले एक जुड़े हुए क्षेत्र में रहते हैं.
विश्व बैंक के आंकड़ों के मुताबिक, 3 डॉलर प्रतिदिन की अंतरराष्ट्रीय अत्यधिक गरीबी रेखा से नीचे रहने वाली आबादी 2011-12 के 27.1% से घटकर 2023-24 में 2.6% रह गई. इस अवधि में करीब 3.7 करोड़ लोग इस रेखा से नीचे थे. निचली-मध्यम आय वाले देशों के लिए इस्तेमाल होने वाली 4.20 डॉलर प्रतिदिन की रेखा पर गरीबी 57.7% से घटकर 16.1% रह गई. फिर भी करीब 23.3 करोड़ लोग इस सीमा से नीचे थे.
इसका अर्थ है कि लगभग 19.6 करोड़ लोग अत्यधिक गरीबी की रेखा से ऊपर तो हैं, लेकिन 4.20 डॉलर प्रतिदिन की सीमा से नीचे हैं. यह समूह आर्थिक रूप से बेहद असुरक्षित है और रोजगार, स्वास्थ्य या किसी आकस्मिक संकट के कारण फिर गरीबी में जा सकता है.
राज्यों में दर और संख्या का अंतर
झारखंड में 2023-24 के दौरान 3 डॉलर वाली गरीबी रेखा पर गरीबी दर करीब 12.9% थी, जो राज्यों में सबसे अधिक बताई गई है. बिहार में यह दर 4.1% और उत्तर प्रदेश में करीब 2% थी. हालांकि बड़ी आबादी के कारण पूर्ण संख्या अलग तस्वीर पेश करती है. अनुमान के अनुसार, बिहार में करीब 51.8 लाख, झारखंड में 51 लाख और उत्तर प्रदेश में लगभग 47 लाख लोग इस रेखा से नीचे थे.
4.20 डॉलर की सीमा पर उत्तर प्रदेश में करीब 4.73 करोड़ लोग गरीब थे. बिहार में यह संख्या 2.74 करोड़, झारखंड में 1.63 करोड़ और पश्चिम बंगाल में 1.44 करोड़ थी. इन चार राज्यों में मिलाकर करीब 10.54 करोड़ लोग इस सीमा से नीचे थे. महाराष्ट्र में भी बड़ी आबादी के कारण करीब 2.34 करोड़ लोग इस श्रेणी में आते थे.
नीति आयोग के बहुआयामी गरीबी सूचकांक में भी सुधार दर्ज हुआ है. 2015-16 से 2019-21 के बीच बिहार में बहुआयामी गरीबी 51.9% से घटकर 33.8%, झारखंड में 42.1% से 28.8% और उत्तर प्रदेश में 37.7% से 22.9% रह गई.
रोजगार बढ़ा, लेकिन आय की चुनौती कायम
विश्व बैंक के अनुसार, 2017 से 2023 के बीच भारत में रोजगार पाने वालों की संख्या करीब 13.4 करोड़ बढ़ी. इसमें ग्रामीण महिलाओं की भागीदारी का योगदान रहा. हालांकि महंगाई को समायोजित करने के बाद कमाई में बहुत बड़ा बदलाव नहीं हुआ और नए रोजगार का बड़ा हिस्सा कम उत्पादकता वाले कामों में रहा.
2025 की आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण रिपोर्ट के अनुसार, 56.2% कामगार स्वरोजगार में थे, जबकि 23.6% नियमित वेतन या वेतनभोगी रोजगार में थे. कृषि में अब भी 43% रोजगार केंद्रित था. ग्रामीण परिवारों में नियमित गैर-कृषि वेतन वाली नौकरियों पर निर्भर परिवारों का औसत मासिक प्रति व्यक्ति खर्च 5,005 रुपये था, जबकि अस्थायी कृषि मजदूरी पर निर्भर परिवारों में यह 3,652 रुपये था.
रिपोर्ट के अनुसार, केवल खेती से निकलकर कम आय वाले व्यापार या सेवा क्षेत्र में जाना पर्याप्त नहीं होगा. जरूरत ऐसे उद्योगों और सेवाओं की है, जो अधिक उत्पादक हों और बेहतर वेतन दें. गरीबी घटाने के अगले चरण में शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे और स्थानीय स्तर पर स्थिर रोजगार की निर्णायक भूमिका होगी.
