भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में अफगानिस्तान लौटने वाले लोगों की स्थिति और आतंकवादी संगठनों को मिल रहे सुरक्षित ठिकानों का मुद्दा उठाया. संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि राजदूत पार्वथनेनी हरीश ने कहा कि 30 लाख से अधिक अफगानों की जबरन वापसी न तो सुरक्षित है और न ही सम्मानजनक.

उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के पुनर्वास, समाज में दोबारा शामिल करने और मानवीय सहायता के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ठोस मदद मिलनी चाहिए. भारत ने इस स्थिति पर वैश्विक प्रतिक्रिया की कमी पर भी चिंता जताई.

संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, वर्ष 2025 में करीब 29 लाख अफगान लौटे थे और 22 अगस्त 2026 तक 11.5 लाख से अधिक लोग और वापस आ चुके थे. इनमें बड़ी संख्या में वापसी स्वैच्छिक नहीं थी.

बैठक में भारत ने अफगानिस्तान की जमीन का इस्तेमाल करने वाले सीमा-पार आतंकी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई की जरूरत भी रेखांकित की. हरीश ने अलकायदा और लश्कर-ए-तैयबा तथा जैश-ए-मोहम्मद जैसे संगठनों के सुरक्षित ठिकानों के लिए अनुकूल माहौल खत्म करने की बात कही.