भारत ने इस्लामाबाद में शुरू किए गए पाकिस्तान-चीन सीमा आयोग को खारिज कर दिया है. विदेश मंत्रालय ने कहा कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख भारत के अभिन्न हिस्से हैं तथा पाकिस्तान और चीन के बीच ऐसी कोई सीमा नहीं है, जिसे लेकर यह आयोग बनाया जा सके.

मंत्रालय के अनुसार, आयोग का गठन बिना किसी कानूनी आधार के किया गया है. भारत ने कहा कि पाकिस्तान को भारतीय क्षेत्र से जुड़े किसी भी समझौते में शामिल होने का अधिकार नहीं है. उसने पाकिस्तान से अपने कब्जे वाले भारतीय क्षेत्रों को खाली करने की मांग भी की.

1963 के समझौते पर भारत की आपत्ति

विदेश मंत्रालय ने 2 मार्च 1963 को हुए कथित चीन-पाकिस्तान सीमा समझौते को भी अवैध और अमान्य बताया. यह समझौता शिनजियांग और पाकिस्तान के कब्जे वाले गिलगित-बाल्टिस्तान के बीच सीमा तय करने से संबंधित था. भारत ने कहा कि भारतीय क्षेत्रों से जुड़े चीन-पाकिस्तान के किसी भी सीमा सहयोग को पूरी तरह अस्वीकार्य माना जाएगा.

मंत्रालय ने पाकिस्तान से ऐसी “थिएट्रिक्स” यानी दिखावे वाली गतिविधियां बंद करने और अवैध तथा जबरन कब्जे वाले इलाके खाली करने को कहा.

पाकिस्तान ने आयोग को सहयोग का माध्यम बताया

पाकिस्तान के अनुसार, आयोग दोनों देशों के बीच संयुक्त सीमा सर्वे, व्यापारिक आवाजाही और कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने का रास्ता खोलेगा. पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने बताया कि आयोग की पहली बैठक इस्लामाबाद स्थित विदेश मंत्रालय में हुई. बैठक की सह-अध्यक्षता चीन के विदेश मंत्रालय के सीमा और समुद्री मामलों के विभाग के उप महानिदेशक ली या और पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय में चीन मामलों के महानिदेशक बिलाल महमूद चौधरी ने की.