नई दिल्ली ने भारत में सिख गुरुद्वारों पर कथित vigilante हमलों को लेकर अमेरिकी संस्था USCIRF की टिप्पणियों को खारिज कर दिया है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने USCIRF को “पक्षपाती और गलत जानकारी वाली संस्था” बताते हुए कहा कि उसका एजेंडा “खुले तौर पर राजनीतिक” है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, USCIRF के दो वरिष्ठ अधिकारियों ने पिछले सप्ताह भारत में गुरुद्वारों पर हुए कथित हमलों और धार्मिक नेताओं को नुकसान पहुंचाने की कोशिशों पर चिंता जताई थी. आयुक्त डेविड एंडरसन ने कहा था कि अमेरिका को धार्मिक आस्था की स्वतंत्रता से जुड़े मामलों में भारत की प्रतिक्रिया को सुरक्षा सहायता से जोड़ना चाहिए.

एक अन्य आयुक्त जो ग्रोगन ने कहा कि भारत में चर्च, गुरुद्वारे और मस्जिदों जैसे पूजा स्थलों पर हमले धार्मिक स्वतंत्रता के अधिकारों को कमजोर करते हैं. उन्होंने अमेरिकी सरकार से भारत पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और पूजा स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का दबाव बनाने की अपील की थी.

जायसवाल ने पलटवार करते हुए पूछा कि USCIRF अमेरिका में धार्मिक स्थलों पर हमलों, भारतीय समुदाय के खिलाफ घृणा अपराधों और नस्ली दुर्व्यवहार पर चुप क्यों रहता है. उन्होंने कहा कि ऐसी पक्षपाती संस्था को गंभीरता से नहीं लिया जा सकता.

USCIRF अमेरिकी संघीय सरकार की द्विदलीय संस्था है, जो राष्ट्रपति, विदेश मंत्री और कांग्रेस को धार्मिक स्वतंत्रता से जुड़े नीतिगत सुझाव देती है.