भारत का सेमीकंडक्टर बाजार 2035 तक बढ़कर 200 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है. EY और India Electronics and Semiconductor Association (IESA) की रिपोर्ट के अनुसार, 2026 में यह बाजार करीब 64 अरब डॉलर का रहने का अनुमान है, जबकि 2021 में इसका आकार लगभग 27 अरब डॉलर था.
रिपोर्ट में कहा गया है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में मांग बढ़ने से भारत के लिए वैश्विक सेमीकंडक्टर वैल्यू चेन में अपनी हिस्सेदारी मजबूत करने का अवसर पैदा हुआ है.
सरकारी मिशन से बढ़ी परियोजनाओं की रफ्तार
India Semiconductor Mission 1.0 के तहत 76,000 करोड़ रुपये के प्रावधान से 12 परियोजनाओं को मंजूरी दी गई. इनमें एक सिलिकॉन फैब, दो compound semiconductor fabs और नौ पैकेजिंग सुविधाएं शामिल हैं. इन परियोजनाओं में करीब 1.64 लाख करोड़ रुपये के निवेश का अनुमान है.
रिपोर्ट के मुताबिक, कार्यक्रम के तहत 23 chip tape-outs हुए हैं और तीन सेमीकंडक्टर इकाइयों में उत्पादन तथा निर्यात शुरू हो चुका है. भारत के पास वैश्विक सेमीकंडक्टर डिजाइन प्रतिभा का लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा भी है.
जुलाई 2026 में शुरू किए गए Semicon India 2.0 के लिए 1,27,500 करोड़ रुपये का बढ़ा हुआ प्रावधान किया गया है. इसका फोकस डिजाइन, सामग्री और उपकरण, फैब्रिकेशन, एडवांस्ड पैकेजिंग, अनुसंधान एवं विकास और प्रतिभा निर्माण पर है. रिपोर्ट ने अगले चरण की सफलता के लिए बेहतर क्रियान्वयन, स्थानीयकरण, नवाचार और तकनीक के व्यावसायीकरण को अहम बताया है.
