नेपाल में 26 अगस्त को आई भीषण बाढ़ के बाद भारत ने राहत और बचाव अभियान के लिए 130 टन से अधिक सामग्री भेजी है. भारतीय वायुसेना का आठवां विमान बुधवार को 35 टन जरूरी राहत और बचाव सामग्री लेकर काठमांडू पहुंचा.

भारतीय दूतावास के अनुसार, भारत ने अब तक आठ विशेष उड़ानों के जरिए नेपाल को राहत सामग्री भेजी है. इसके अलावा बचाव, राहत और फॉरेंसिक कार्यों में मदद के लिए 54 विशेषज्ञों को नेपाल भेजा गया है.

राहत सामग्री में बचाव उपकरण भी शामिल

नेपाल भेजी गई सामग्री में टेंट, कंबल, हाइजीन किट, सोलर लैंप और दवाएं शामिल हैं. भारत ने मुश्किल इलाकों में अभियान के लिए मड रेस्क्यू सूट, गैस डिटेक्टर, ब्रीदिंग उपकरण, पानी निकालने वाले पंप, पोर्टेबल जनरेटर, लाइटिंग टावर और इन्फ्लेटेबल वॉकवे भी भेजे हैं.

फॉरेंसिक जांच के लिए डीएनए किट, डीएनए प्रोफाइलिंग उपकरण और जरूरी रिएजेंट भी उपलब्ध कराए गए हैं.

चिलिमे में सुरंग बचाव अभियान

भारत की स्पेशल टनल रेस्क्यू टीम नेपाली सेना के साथ चिलिमे और लांगटांग में काम कर रही है. फिलहाल अभियान का मुख्य फोकस चिलिमे पर है, जहां दुर्गम इलाकों और सुरंग की ढलान के कारण बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण बताया गया है.

टीम हाथ से किए जा रहे बचाव प्रयासों के साथ तकनीकी उपकरणों का इस्तेमाल कर रही है. सुरंग तक एक्स्कावेटर जैसी भारी मशीनें पहुंचाने के लिए अस्थायी ट्रैक तैयार किया जा रहा है. भारतीय दूतावास के मुताबिक, ट्रैक का काम अगले दो से तीन दिनों में पूरा होने की उम्मीद है.

भारत की फॉरेंसिक टीम काठमांडू की दो प्रयोगशालाओं में नेपाली अधिकारियों और विशेषज्ञों के साथ डीएनए नमूनों की जांच भी कर रही है.