भारत और श्रीलंका की नौसेनाओं के बीच द्विपक्षीय समुद्री अभ्यास SLINEX-26 का 13वां संस्करण 17 सितंबर से विशाखापत्तनम में शुरू हुआ. पांच दिन चलने वाला यह अभ्यास 21 सितंबर तक पूर्वी नौसेना कमान के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है. इसका मुख्य उद्देश्य दोनों नौसेनाओं के बीच परिचालन तालमेल और समुद्री सहयोग को मजबूत करना है.

दो चरणों में आयोजित हो रहा अभ्यास

भारतीय नौसेना के अनुसार, अभ्यास दो चरणों में होगा. पहले हार्बर फेज में पेशेवर संवाद, एक-दूसरे के जहाजों का दौरा, सर्वोत्तम प्रक्रियाओं का आदान-प्रदान, योग, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियां शामिल हैं. इस चरण की शुरुआत INS Kavaratti पर SLNS Sindurala के चालक दल के स्वागत समारोह के साथ हुई.

इसके बाद होने वाले सी फेज में दोनों नौसेनाएं समन्वित गतिविधियों में हिस्सा लेंगी. इनका लक्ष्य समुद्री क्षेत्र में साथ मिलकर काम करने की क्षमता, परिचालन तालमेल और इंटरऑपरेबिलिटी को बेहतर बनाना है.

अभ्यास में भारतीय नौसेना की ओर से स्वदेशी डिजाइन वाला एंटी-सबमरीन वारफेयर कॉर्वेट INS Kavaratti और फ्लीट टैंकर INS Jyoti शामिल हैं. श्रीलंका नौसेना ने SLNS Sindurala को तैनात किया है.

SLINEX की शुरुआत 2005 में हुई थी. समय के साथ यह भारत और श्रीलंका की नौसेनाओं के बीच आपसी समझ, परिचालन अनुभव साझा करने और सहयोग बढ़ाने का मंच बन गया है. यह अभ्यास भारत की MAHASAGAR दृष्टि के अनुरूप हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षित, स्थिर और समावेशी समुद्री वातावरण के लक्ष्य से भी जुड़ा है.