नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाय पार्मेलिन के बीच हुई बातचीत में दोनों देशों ने व्यापार, निवेश, तकनीक और लोगों की आवाजाही से जुड़े सहयोग को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई. इस दौरान भारत और स्विट्जरलैंड ने पांच समझौतों पर हस्ताक्षर किए. इनमें प्रवासन एवं गतिशीलता साझेदारी और युवा पेशेवरों के आदान-प्रदान से जुड़े समझौते शामिल हैं.
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि नवाचार, बुनियादी ढांचा और उन्नत तकनीक भारत-स्विट्जरलैंड साझेदारी के मजबूत आधार हैं. दोनों देशों ने व्यापार और निवेश से जुड़े मुद्दों के समाधान तथा सहयोग को सुगम बनाने के लिए एक समिति गठित करने का फैसला किया. यह पहल भारत और यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ (EFTA) देशों के बीच 2024 में हुए Trade and Economic Partnership Agreement (TEPA) के आधार पर आगे बढ़ाई जाएगी.
TEPA के तहत अगले 15 वर्षों में भारत में 100 अरब डॉलर के निवेश और 10 लाख प्रत्यक्ष रोजगार का लक्ष्य रखा गया है. समझौते का उद्देश्य भारतीय वस्तुओं और सेवाओं के लिए स्विट्जरलैंड समेत EFTA बाजारों में पहुंच बेहतर करना है. बातचीत में कृषि उत्पादों, दवाओं, कपड़ा और इंजीनियरिंग सामान के भारतीय निर्यात को बढ़ाने पर भी जोर दिया गया.
भारत स्विट्जरलैंड से जैव-प्रौद्योगिकी, जीवन विज्ञान, बैंकिंग, बीमा, खाद्य प्रसंस्करण और टिकाऊ विकास जैसे क्षेत्रों में निवेश आकर्षित करना चाहता है. दोनों पक्षों ने तकनीक हस्तांतरण और बाजार पहुंच को पारस्परिक लाभ वाला क्षेत्र बताया. रक्षा उत्पादन और परमाणु ऊर्जा में सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई.
छात्रों और पेशेवरों के लिए नए अवसर
प्रवासन एवं गतिशीलता समझौते के तहत भारतीय छात्रों, शोधकर्ताओं, पेशेवरों और युवाओं के लिए स्विट्जरलैंड में अवसर बढ़ने की उम्मीद है. प्रावधानों के अनुसार, पांच साल तक के कई-प्रवेश वीजा और प्रत्येक यात्रा में छह महीने तक ठहरने की सुविधा दी जा सकती है. छात्रों के लिए एक साल के नवीकरणीय परमिट का प्रावधान भी बताया गया है.
युवा पेशेवरों के आदान-प्रदान से जुड़े समझौते के तहत दोनों देश अस्थायी रोजगार के लिए हर वर्ष 300 लोगों का आदान-प्रदान कर सकते हैं. यह संख्या बढ़ाकर 500 किए जाने की संभावना है.
बातचीत में यूक्रेन और पश्चिम एशिया के संघर्षों का मुद्दा भी उठा. दोनों नेताओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों, कानून के शासन, संवाद और कूटनीति के जरिये शांति कायम करने की जरूरत पर जोर दिया. वैश्विक संस्थानों में सुधार को भी मौजूदा चुनौतियों से निपटने के लिए आवश्यक बताया गया.
