भारत में टेक्सटाइल कचरे की समस्या को समझने के लिए कपड़ा मंत्रालय ने “Mapping of Textile Waste Value Chain in India” रिपोर्ट जारी की है. फरवरी 2026 में प्रकाशित इस अध्ययन में कपड़ा मूल्य शृंखला से निकलने वाले कचरे, उसके संग्रह, रिकवरी, रीसाइक्लिंग तकनीकों और सर्कुलर इकोनॉमी की संभावनाओं का आकलन किया गया है.

सरकारी आकलन के अनुसार, देश में टेक्सटाइल रीसाइक्लिंग को मजबूत करने के लिए कचरे की बेहतर पहचान, अलग-अलग संग्रह और प्रसंस्करण क्षमता बढ़ाने की जरूरत है. रिपोर्ट में रीसाइक्लिंग, अपसाइक्लिंग और संसाधन रिकवरी को कचरे को आर्थिक उपयोग में बदलने के प्रमुख रास्तों के रूप में रेखांकित किया गया है.

रीसाइक्लिंग बाजार और रोजगार की संभावना

सरकार के अनुसार, भारत का टेक्सटाइल रीसाइक्लिंग बाजार 2030 तक 3.5 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है. इस क्षेत्र में करीब एक लाख नए हरित रोजगार पैदा होने की संभावना भी जताई गई है.

रिपोर्ट में यांत्रिक और रासायनिक रीसाइक्लिंग, रिसाइकल्ड फाइबर, नए पदार्थ और कचरे से उच्च-मूल्य वाले उत्पाद विकसित करने पर जोर दिया गया है. सरकार ने स्टार्टअप, शोध संस्थानों, टेक्सटाइल रिसर्च एसोसिएशन और उद्योग के सहयोग से ऐसी तकनीकों को बढ़ावा देने की पहल का भी उल्लेख किया है.