भारत और संयुक्त अरब अमीरात की सेनाओं का संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘माउंटेन गार्जियन 2026’ उत्तराखंड के चौबटिया स्थित फॉरेन ट्रेनिंग नोड में शुरू हो गया है. रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यह अभ्यास 5 से 18 अक्टूबर तक चलेगा और इसका मुख्य फोकस पर्वतीय युद्धकौशल, आपसी समझ तथा दोनों सेनाओं के बीच संचालनात्मक तालमेल बढ़ाना है.
अभ्यास में दोनों देशों के कुल 92 सैन्यकर्मी बराबर संख्या में भाग ले रहे हैं. भारतीय दल में भैरव बटालियन के जवान हैं, जबकि यूएई की टुकड़ी माउंटेन इन्फैंट्री बटालियन से है. दोनों सेनाओं की महिला अधिकारी और सैन्यकर्मी भी विशेषज्ञ भूमिकाओं में शामिल हैं.
प्रशिक्षण के दौरान संयुक्त योजना, सामरिक अभ्यास, फायरिंग, निगरानी ग्रिड की स्थापना, ड्रोन संचालन, शारीरिक दक्षता, रॉक क्लाइंबिंग, बाधा प्रशिक्षण और एकीकृत फील्ड अभ्यास कराए जाएंगे. तकनीक-सक्षम अभियानों तथा कठिन पहाड़ी भूभाग में उपयोगी रणनीति, तकनीक और प्रक्रियाओं पर भी अनुभव साझा किया जाएगा.
रक्षा मंत्रालय ने कहा कि अभ्यास से दोनों सेनाओं की सामरिक दक्षता बढ़ेगी और भारत-यूएई सैन्य सहयोग तथा आपसी विश्वास को मजबूती मिलेगी.
