होर्मुज क्षेत्र में तनाव के बीच भारत ऊर्जा आपूर्ति के लिए वैकल्पिक रास्ते तैयार करने पर काम कर रहा है. इसी दिशा में भारत और यूएई के बीच समुद्र के नीचे तेल और गैस पाइपलाइन बिछाने की संभावना पर अध्ययन शुरू किया गया है. केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और यूएई के विदेश व्यापार मंत्री थानी बिन अहमद अल जेउदी की मुलाकात के बाद इस परियोजना को प्राथमिकता दिए जाने की जानकारी सामने आई है.

MEIDP यानी मिडिल ईस्ट टू इंडिया डीप-वॉटर पाइपलाइन के तहत ओमान और यूएई के तट से अरब सागर के नीचे पाइपलाइन बिछाकर इसे गुजरात और महाराष्ट्र के तट तक लाने की संभावना है. शुरुआती योजना में केवल गैस पाइपलाइन पर विचार था, लेकिन अब समुद्र के रास्ते कच्चा तेल पहुंचाने की व्यवहार्यता भी जांची जा रही है.

सरकारी कंपनियां तैयार कर रही हैं विस्तृत रिपोर्ट

पेट्रोलियम मंत्रालय के निर्देश पर सरकारी कंपनियां परियोजना की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर रही हैं. इसमें गहरे समुद्र में पाइपलाइन बिछाने की तकनीक, अनुमानित लागत, सुरक्षा और संचालन से जुड़े पहलुओं का अध्ययन किया जाएगा. परियोजना को आगे बढ़ाने से पहले इन सभी शर्तों और तकनीकी संभावनाओं का आकलन जरूरी होगा.

भारत अपनी कच्चे तेल की जरूरत का करीब 88 प्रतिशत आयात करता है. रिपोर्ट के अनुसार, देश में आने वाली आधी से अधिक LPG और LNG भी कतर और यूएई से समुद्री मार्ग के जरिए पहुंचती है. पाइपलाइन बनने पर जहाजों, परिवहन और बीमा पर निर्भरता घट सकती है तथा अंतरराष्ट्रीय कीमतों में अचानक बढ़ोतरी का असर कम करने में मदद मिल सकती है.

3,450 मीटर गहराई सबसे बड़ी चुनौती

प्रस्तावित मार्ग में करीब 3,450 मीटर की समुद्री गहराई तक पाइपलाइन बिछानी पड़ सकती है. पानी का अत्यधिक दबाव, समुद्र तल की चट्टानों और खाइयों के बीच मार्ग तैयार करना तथा भविष्य में मरम्मत करना बड़ी इंजीनियरिंग चुनौतियां होंगी.

परियोजना से जुड़ी संस्था साउथ एशिया गैस एंटरप्राइज ने करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से लगभग तीन किलोमीटर पाइपलाइन बिछाकर परीक्षण किया है. सभी मंजूरियां और तकनीकी शर्तें पूरी होने पर पूरी परियोजना के निर्माण में पांच से सात वर्ष लगने का अनुमान है.