भारत ने मध्य पूर्व में बढ़ते संघर्ष के बीच तत्काल तनाव कम करने और विवाद का समाधान बातचीत व कूटनीति के जरिए करने की अपील की है. संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की खुली बहस में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पार्वथनेनी हरीश ने वाणिज्यिक जहाजों, समुद्री कर्मियों और नागरिक बुनियादी ढांचे पर हमलों की निंदा की.
हरीश ने कहा कि क्षेत्र में अस्थिरता भारत के लिए गंभीर चिंता का विषय है. उन्होंने बताया कि खाड़ी सहयोग परिषद (GCC) के देशों में करीब एक करोड़ भारतीय रहते हैं और वहां की अर्थव्यवस्थाओं में योगदान देते हैं. उनके मुताबिक, क्षेत्र की सुरक्षा और स्थिरता में भारत के बहुत बड़े हित जुड़े हैं.
भारत ने सऊदी अरब की संप्रभुता की रक्षा के लिए वहां की सरकार और जनता के साथ एकजुटता जताई. बयान में नागरिक बुनियादी ढांचे पर हमलों से हुई जनहानि का भी उल्लेख किया गया. इसमें रियाद में भारतीय नागरिक मोहम्मद यूसुफ अली की मौत को लेकर चिंता व्यक्त की गई.
वाणिज्यिक जहाजों पर हमलों की निंदा
भारत ने इस सप्ताह की शुरुआत में भारत के झंडे वाले MV DP World Kaveri और पिछले सप्ताह MT Petro Dolphin तथा MT Walthera पर हुए हमलों का मुद्दा उठाया. हरीश ने कहा कि वाणिज्यिक जहाजों और व्यापारी नाविकों पर किसी भी तरह के हमले कानूनी और नैतिक, दोनों दृष्टि से अस्वीकार्य हैं. उन्होंने कहा कि प्रभावित जहाजों में भारतीय नाविक भी थे और उनकी सुरक्षा भारत की सीधी जिम्मेदारी है.
भारत ने अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों में नौवहन की स्वतंत्रता और समुद्री व्यापार के सुरक्षित, निर्बाध प्रवाह को अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप बनाए रखने की मांग की. साथ ही कहा कि समुद्री सुरक्षा पर ध्यान देने से गाजा के मानवीय संकट की ओर से नजर नहीं हटनी चाहिए.
भारत ने 7 अक्टूबर 2023 के हमलों की निंदा दोहराई और बातचीत से होने वाले दो-राष्ट्र समाधान, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 2803 के पूर्ण क्रियान्वयन तथा मानवीय सहायता और विकास सहयोग जारी रखने का समर्थन किया.
