विदेश मंत्री एस जयशंकर और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने मुंबई में हुई बैठक में भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई. दोनों नेताओं ने रक्षा, ऊर्जा और तकनीक के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के साथ-साथ द्विपक्षीय व्यापार समझौते को जल्द पूरा करने की प्रतिबद्धता दोहराई.

अमेरिकी विदेश विभाग के अनुसार, बैठक में पश्चिम एशिया के घटनाक्रम समेत क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा हुई. जयशंकर ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि दोनों पक्षों ने लोगों के बीच संपर्क से जुड़े विषयों पर भी बातचीत की. यह चर्चा आव्रजन और H-1B व्यवस्था से जुड़े भारत के हितों के संदर्भ में महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

रूबियो ने कहा कि व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के लिए अब केवल कुछ मुद्दे बाकी हैं. अमेरिकी मीडिया से बातचीत में उन्होंने दोनों देशों के बीच समझौते को लेकर कहा कि वे ‘हस्ताक्षरित समझौते के बिना जितना करीब आ सकते हैं, उतने करीब’ हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही कुछ अच्छी खबर सामने आ सकती है और उसके बाद दोनों देशों के नेता समझौते पर हस्ताक्षर कर सकते हैं.

ऊर्जा के मोर्चे पर रूबियो ने अमेरिकी ऊर्जा व्यापार को भारत की आपूर्ति शृंखलाओं में विविधता लाने और देश की बड़ी उपभोक्ता जरूरतों को पूरा करने में अहम बताया. भारत का रुख है कि रूस से तेल खरीद उसकी ऊर्जा सुरक्षा के साथ-साथ वैश्विक बाजारों की स्थिरता के लिए भी जरूरी है. रूबियो ने ऊर्जा स्रोतों में विविधता लाने की दिशा में भारत की प्रगति की सराहना की.

रक्षा क्षेत्र में अमेरिकी पक्ष ने रूस पर भारत की निर्भरता घटाने और दोनों देशों के बीच रक्षा अंतर्संचालन बढ़ाने पर जोर दिया. अमेरिकी विदेश विभाग ने रक्षा और असैन्य परमाणु सहयोग में हालिया प्रगति का भी उल्लेख किया तथा अमेरिकी तकनीक और प्रणालियों की अधिक खरीद का समर्थन किया.

मुंबई पहुंचने के बाद रूबियो ने 26/11 आतंकी हमलों के पीड़ितों की याद में ताज महल पैलेस होटल में पुष्पांजलि अर्पित की. अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा कि उन्होंने आतंकवादी नेटवर्क खत्म करने और 2008 के मुंबई हमलों की साजिश में कथित भूमिका वाले लोगों को न्याय के कटघरे में लाने की प्रतिबद्धता दोहराई.

दोनों नेता इस महीने के अंत में अटलांटा में होने वाली जी20 विदेश मंत्रियों की बैठक से इतर फिर मिलेंगे. वे जापान और ऑस्ट्रेलिया के साथ क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक में भी शामिल होंगे.