भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौता करीब 90 फीसदी पूरा हो चुका है. अमेरिकी विदेश विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि समझौते से जुड़े कुछ अंतिम मुद्दों पर दोनों देशों के बीच बातचीत चल रही है और जल्द ही इस पर नई जानकारी सामने आ सकती है.

समझौते पर हस्ताक्षर कब होंगे, इस सवाल के जवाब में अधिकारी ने कहा कि 90 फीसदी काम पूरा हो चुका है और अब केवल कुछ आखिरी बातों को तय किया जाना बाकी है. उन्होंने यह भी कहा कि यह समझौता भारत-अमेरिका संबंधों को एक नए स्तर पर ले जा सकता है. उनके मुताबिक, व्यापार का मुद्दा कई दशकों से द्विपक्षीय संबंधों में बड़ी बाधा रहा है और समझौते से रिश्तों में नया आयाम जुड़ सकता है.

पीयूष गोयल ने भी बातचीत को अंतिम चरण में बताया

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भी हाल में कहा था कि अमेरिका के साथ व्यापार समझौता लगभग पूरा हो चुका है. नई दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि भारत ने नौ मुक्त व्यापार समझौतों को अंतिम रूप दिया है. अमेरिका के साथ समझौते के मामले में भारत को अपने लिए सही लाभ सुनिश्चित करने पर ध्यान देना है, ताकि इसे जल्द लागू किया जा सके.

भारत और अमेरिका ने फरवरी में द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण के ढांचे की घोषणा की थी. अमेरिकी टैरिफ में बदलाव के बाद बातचीत को आगे बढ़ाने की जरूरत पड़ी. गोयल के अनुसार, भारत के व्यापार समझौते वैश्विक सकल घरेलू उत्पाद के करीब 75 फीसदी हिस्से वाले बाजारों तक तरजीही पहुंच उपलब्ध करा सकते हैं.

अमेरिकी अधिकारी ने दोनों देशों के बीच जारी कूटनीतिक गतिविधियों का भी उल्लेख किया. विदेश मंत्री मार्को रुबियो के अक्टूबर में भारत दौरे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिसंबर में फ्लोरिडा में होने वाले G20 शिखर सम्मेलन के लिए अमेरिका जाने की बात कही गई है.