भारत और अमेरिका की सेनाओं के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘युद्ध अभ्यास’ का 22वां संस्करण मंगलवार, 15 सितंबर 2026 को शुरू हुआ. इस बार अभ्यास का मुख्य जोर दोनों सेनाओं के बीच तालमेल बढ़ाने और पर्वतीय तथा अर्ध-पर्वतीय इलाकों में उभरती तकनीकों को सैन्य अभियानों के साथ जोड़ने पर है.
अभ्यास का उद्घाटन समारोह उत्तराखंड के औली स्थित फॉरेन ट्रेनिंग नोड में हुआ. रक्षा मंत्रालय के अनुसार, समारोह में 14 इन्फैंट्री डिविजन के जनरल ऑफिसर कमांडिंग मेजर जनरल अमरेश गुंजन और अमेरिकी सेना की 11वीं एयरबोर्न डिविजन की 1st Infantry Brigade Combat Team के कमांडर कर्नल बेंजामिन जैकमैन ने भाग लेने वाले सैनिकों को संबोधित किया.
इस अभ्यास में दोनों पक्षों के करीब 600-600 सैन्यकर्मी शामिल हैं. प्रशिक्षण औली के साथ-साथ राजस्थान के महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में भी एक साथ आयोजित किया जा रहा है.
पर्वतीय अभियानों और तकनीक पर फोकस
अभ्यास का उद्देश्य पर्वतीय और अर्ध-पर्वतीय क्षेत्रों में इंटीग्रेटेड बैटल ग्रुप के इस्तेमाल के लिए संयुक्त सैन्य क्षमता बढ़ाना है. इसमें पैदल सेना-प्रधान अभियानों से जुड़े प्रशिक्षण को प्राथमिकता दी जा रही है.
सैनिक निगरानी और टोही के लिए ड्रोन तथा स्वायत्त प्रणालियों के इस्तेमाल का अभ्यास करेंगे. महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में आधुनिक हथियार प्रणालियों का प्रदर्शन भी किया जाएगा.
रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, दोनों सेनाओं के विषय विशेषज्ञ उभरती तकनीकों और मल्टी-डोमेन युद्धक क्षमताओं में हो रहे बदलावों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे. प्रशिक्षण के दौरान दोनों पक्ष रणनीति, तकनीक और संचालन प्रक्रियाएं साझा करेंगे. इसका उद्देश्य अलग-अलग भौगोलिक और परिचालन परिस्थितियों में समन्वित सैन्य अभियानों की योजना बनाने और उन्हें अंजाम देने की क्षमता मजबूत करना है.
