संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र के दौरान न्यूयॉर्क में भारत और वाइसेग्राड ग्रुप (V4) के विदेश मंत्रियों की पहली उच्चस्तरीय बैठक हुई. विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बैठक में हिस्सा लिया. इसके बाद उन्होंने स्लोवाकिया के विदेश मंत्री जुराज ब्लानार से भी मुलाकात की.
बैठक के बाद ब्लानार ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में भारत की स्थायी सदस्यता का समर्थन किया. उनके मुताबिक, V4 के सभी देश इस बात पर सहमत हैं कि ग्लोबल साउथ का हिस्सा और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में उभरती हुई महाशक्ति के रूप में भारत को UNSC में स्थायी सदस्य के तौर पर शामिल होना चाहिए.
जयशंकर ने V4 बैठक को ऐतिहासिक और उपयोगी अवसर बताया. उन्होंने बैठक के लिए ब्लानार को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह चर्चा काफी उत्पादक रही.
सहयोग के लिए वार्षिक मंच बनाने पर सहमति
जयशंकर के अनुसार, भारत और यूरोपीय संघ के संबंध लगातार गहरे हो रहे हैं. इसी संदर्भ में भारत और V4 देशों के बीच वार्षिक बिजनेस फोरम बनाने तथा विदेश मंत्रियों के स्तर पर हर साल बैठक आयोजित करने का फैसला किया गया.
बैठक में भारत और V4 देशों के बीच रक्षा सहयोग को आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई. जयशंकर ने कहा कि रक्षा क्षेत्र में दोनों पक्षों का मजबूत सहयोगी इतिहास रहा है. इसके अलावा अंतरिक्ष, तकनीक, कनेक्टिविटी, शिक्षा और लोगों के बीच आवाजाही जैसे मुद्दे भी एजेंडे में शामिल रहे.
मंत्रियों ने यूक्रेन संघर्ष, खाड़ी क्षेत्र की स्थिति और इंडो-पैसिफिक से जुड़े मौजूदा वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचार-विमर्श किया. जयशंकर ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि भारत-EU सहयोग और बहुपक्षीय मुद्दों पर भी चर्चा हुई.
स्लोवाक विदेश मंत्री के साथ अलग बैठक में जयशंकर ने द्विपक्षीय एजेंडे और बहुपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने के तरीकों पर बातचीत की.
