भारत और वियतनाम ने रक्षा सहयोग तथा सैन्य-से-सैन्य संपर्क को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई है. यह सहमति वियतनाम पीपुल्स आर्मी के डिप्टी चीफ ऑफ जनरल स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल ले वान हुओंग की भारत यात्रा के दौरान बनी.
नई दिल्ली में भारतीय थलसेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने लेफ्टिनेंट जनरल हुओंग से मुलाकात की. दोनों अधिकारियों ने रक्षा सहयोग को आगे बढ़ाने और दोनों सेनाओं के बीच संवाद तथा पेशेवर संपर्क बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की.
यात्रा के दौरान लेफ्टिनेंट जनरल हुओंग ने राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर शहीद भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि दी. उन्हें साउथ ब्लॉक में औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया.
भारत और वियतनाम के बीच रक्षा साझेदारी में समुद्री सुरक्षा अहम क्षेत्र है. मई 2026 में दोनों देशों ने समुद्री सुरक्षा, रक्षा उद्योग, प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण और क्षेत्रीय स्थिरता से जुड़े सहयोग को आगे बढ़ाने पर भी जोर दिया था. दोनों पक्ष हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, सुरक्षा, स्थिरता और नौवहन की स्वतंत्रता के समर्थन की बात कह चुके हैं.
