केंद्र सरकार ने विदेशी नागरिकों के लिए वीजा व्यवस्था को सरल बनाने की दिशा में मुख्य वीजा श्रेणियों की संख्या 13 से घटाकर नौ कर दी है. गृह मंत्रालय के अनुसार, वीजा उप-श्रेणियां भी 49 से घटाकर 23 की गई हैं और सभी 23 उप-श्रेणियों के आवेदन फॉर्म में मांगी जाने वाली जानकारी 70 प्रतिशत तक कम की गई है.
मंत्रालय ने कहा कि इस बदलाव का उद्देश्य व्यवस्था को अधिक संक्षिप्त, स्पष्ट और भारत आने वाले विदेशी नागरिकों की जरूरतों के अनुरूप बनाना है. नई व्यवस्था के तहत वीजा आवेदन की जांच और प्रसंस्करण को अधिक केंद्रित बनाने का भी लक्ष्य रखा गया है. मंत्रालय वर्षांत तक अपने आईटी सिस्टम को अपडेट करेगा, ताकि संशोधित ढांचे के अनुसार वीजा जारी किए जा सकें.
विजिटर वीजा के लिए दो उप-श्रेणियां
पहले टूरिस्ट वीजा कहलाने वाली श्रेणी को अब विजिटर वीजा नाम दिया गया है. इसे दो उप-श्रेणियों V-1 और V-2 में बांटा गया है. V-1 वीजा 30 दिन के लिए बहु-प्रवेश आधार पर दिया जाएगा. इसमें कारोबारी बैठकें, चिकित्सकीय परामर्श, वेलनेस रिट्रीट और अल्पकालिक पाठ्यक्रम जैसी गतिविधियां शामिल हैं.
V-2 लंबे समय की यात्राओं के लिए है और इसकी वैधता निर्धारित शर्तों के अनुसार एक, पांच या 10 वर्ष हो सकती है. मंत्रालय के मुताबिक, नाम और श्रेणी में यह बदलाव पारंपरिक पर्यटन से आगे अनुमत उद्देश्यों को स्पष्ट करने के लिए किया गया है.
चिकित्सा, छात्र और कारोबारी वीजा में बदलाव
मेडिकल वीजा ढांचे में सामान्य चिकित्सा उपचार और आयुष प्रणालियों के उपचार के लिए अलग प्रावधान रखे गए हैं. M-1 वीजा आयुष के अलावा अन्य चिकित्सा उपचार के लिए होगा, जबकि M-3 आयुष उपचार के लिए होगा. इनके ई-वीजा संस्करणों समेत इन्हें डिफॉल्ट रूप से एक वर्ष और बहु-प्रवेश के लिए जारी किया जाएगा. मंत्रालय ने कहा कि इससे कई परामर्श, फॉलो-अप या चरणबद्ध उपचार कराने वाले मरीजों को अधिक स्पष्टता मिलेगी.
छात्र वीजा में S-1 स्कूल और कॉलेज शिक्षा के लिए तथा S-2 भारतीय विश्वविद्यालयों में पीएचडी और शोध करने वालों के लिए निर्धारित है. कारोबारी वीजा को भी B-1 और B-2 में बांटा गया है. B-1 दीर्घकालिक, लाइसेंस-आधारित कारोबारी गतिविधियों के लिए है, जबकि B-2 अल्पकालिक और अनुबंध-आधारित गतिविधियों के लिए होगा.
विदेशी तकनीकी विशेषज्ञों, इंजीनियरों और भारतीय कंपनियों से जुड़े तकनीकी कर्मियों के लिए भी B-2 के तहत ई-वीजा मंच पर प्रावधान किया गया है. वर्तमान में 172 देशों के नागरिकों के लिए ई-वीजा सुविधा उपलब्ध है.
