भारत और मध्य यूरोप के चार देशों के वीसग्राद समूह (V4) ने विदेश मंत्रियों की अपनी पहली बैठक में सहयोग को नए क्षेत्रों तक ले जाने पर सहमति जताई है. बैठक संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र के इतर हुई. विदेश मंत्री एस जयशंकर ने इसे “नया ऐतिहासिक अवसर” बताया.
बैठक में भारत, चेक गणराज्य, हंगरी, पोलैंड और स्लोवाकिया के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया. चर्चा के बाद जयशंकर ने कहा कि पांचों देशों के विदेश मंत्री अब हर साल बैठक करेंगे. इसके अलावा वार्षिक बिजनेस फोरम शुरू करने पर भी सहमति बनी है.
जयशंकर के मुताबिक, बातचीत में राजनीतिक और आर्थिक सहयोग के साथ यूक्रेन संघर्ष तथा खाड़ी क्षेत्र के घटनाक्रम जैसे प्रमुख वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा हुई. देशों ने तकनीक, नवाचार, शोध और शिक्षा में साझेदारी बढ़ाने की संभावनाओं पर विचार किया.
भारत और V4 देशों ने रक्षा सहयोग को भी आगे बढ़ाने का फैसला किया. जयशंकर ने कहा कि भारत के सभी V4 देशों के साथ रक्षा क्षेत्र में मजबूत इतिहास रहा है और इस सहयोग को नए सिरे से आगे ले जाने की जरूरत है.
बैठक में अंतरिक्ष, कनेक्टिविटी, सांस्कृतिक सहयोग और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने पर भी चर्चा हुई. भारत ने बहुपक्षवाद के समर्थन में मिलकर काम करने पर सहमति जताई.
वी4 में चेक गणराज्य, हंगरी, पोलैंड और स्लोवाकिया शामिल हैं. जयशंकर ने कहा कि ये देश औद्योगिक अर्थव्यवस्थाओं के साथ-साथ नवाचार और तकनीकी प्रतिभा के लिए भी जाने जाते हैं. भारत और समूह के बीच यह बैठक सहयोग के लिए एक नए V4+India प्रारूप की शुरुआत मानी जा रही है.
