नवंबर के आखिरी सप्ताह में देश के कई हिस्सों में ठंड बढ़ने लगी है. जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में रात का तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है, जबकि उत्तर भारत के कई राज्यों में सुबह के समय घना कोहरा और ठंडी हवाएं चलने की संभावना है. मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और बिहार में तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट का अनुमान जताया गया है.
राजस्थान और मध्य प्रदेश में ठंड तेज
राजस्थान के शेखावाटी क्षेत्र में लगातार तीसरे दिन तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा. सीकर के फतेहपुर में बुधवार को न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री दर्ज किया गया. बाड़मेर और जैसलमेर को छोड़कर राज्य के सभी शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से नीचे रहा.
मध्य प्रदेश के दमोह में न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री रहा, जो इस मौसम की सबसे ठंडी रात बताई गई है. भोपाल में तापमान 8.2 डिग्री दर्ज हुआ. भोपाल, राजगढ़ और शाजापुर में ठंडी हवाओं के बीच मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए शीतलहर का अलर्ट जारी किया है.
उत्तर भारत में कोहरे की चेतावनी
उत्तर प्रदेश में हरदोई 9 डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा. मुजफ्फरनगर में 9.2 और कानपुर में 9.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने राज्य में अगले चार दिनों तक घने कोहरे का अलर्ट दिया है. लखनऊ और प्रयागराज समेत 12 शहरों में गुरुवार सुबह कोहरा छाया रहा.
हिमाचल प्रदेश के ताबो में न्यूनतम तापमान माइनस 6.1 डिग्री पहुंच गया. राज्य के 12 शहरों में तापमान 5 डिग्री से नीचे रहा. मंडी, बिलासपुर और हमीरपुर में 29 नवंबर तक कोहरे का येलो अलर्ट है. पंजाब और चंडीगढ़ में 28 नवंबर तक सुबह घने कोहरे की स्थिति रह सकती है. फरीदकोट में 6.4 और चंडीगढ़ में 9.2 डिग्री तापमान दर्ज हुआ.
बिहार, छत्तीसगढ़ और दक्षिण भारत का मौसम
बिहार के अरवल में न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री रहा. पटना में अगले पांच दिनों तक सुबह कोहरा या धुंध रहने की संभावना है. छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में 11.4 डिग्री तापमान दर्ज हुआ, जबकि जगदलपुर में रात का तापमान 20.1 डिग्री रहा.
तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 27 नवंबर को भारी बारिश की संभावना है. आंध्र प्रदेश और केरल में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. दिल्ली में बुधवार को लगातार 11वें दिन हवा ‘खराब’ श्रेणी में रही और 24 घंटे का औसत AQI 220 दर्ज किया गया.
