देश में महिलाओं की मौतों का सरकारी रिकॉर्ड अब भी बड़ी संख्या में दर्ज नहीं हो पा रहा है. उपलब्ध रिपोर्ट में विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के हवाले से 84,390 मौतों के विश्लेषण के आधार पर बताया गया है कि 707 जिलों में से 122 जिलों में महिलाओं की 40% से भी कम मौतें पंजीकृत हुईं.
राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (2019-21) के आंकड़ों के अनुसार, देश में कुल मौतों में से 70.8% का ही पंजीकरण हुआ. इसका अर्थ है कि करीब 30% मौतें सरकारी रिकॉर्ड से बाहर रह गईं. पुरुषों की मौतों का पंजीकरण 73% रहा, जबकि महिलाओं के मामले में यह दर 64% थी.
राज्यों और जिलों के बीच भी बड़ा अंतर सामने आया. बिहार के 38 में से 37 जिलों में महिलाओं की मृत्यु पंजीकरण दर 60% से कम रही. झारखंड में भी ऐसी ही स्थिति बताई गई है. अरुणाचल प्रदेश के कुरुंग कुमे जिले में महिलाओं की सिर्फ 5% मौतें दर्ज हुईं.
आकांक्षी जिलों में पंजीकरण दर कम
विकास के लिहाज से पिछड़े 112 आकांक्षी जिलों में 54.4% मौतों का पंजीकरण हुआ. इसके मुकाबले अन्य जिलों में यह दर 73.7% रही. दोनों श्रेणियों के बीच 19.3 प्रतिशत अंक का अंतर है.
रिपोर्ट में कम पंजीकरण की कई वजहें बताई गई हैं. ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में पंजीकरण केंद्रों की दूरी, आने-जाने का खर्च, प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी का अभाव इसके प्रमुख कारण हैं. घर पर महिलाओं की मौत होने पर कई बार पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाती. मातृ मृत्यु और आत्महत्या जैसी संवेदनशील मौतों की जानकारी प्रशासन तक कम पहुंचने की बात भी कही गई है.
विशेषज्ञों ने सिविल रजिस्ट्रेशन एंड वाइटल स्टैटिस्टिक्स (CRVS) प्रणाली को मजबूत करने और पंचायतों, आशा कार्यकर्ताओं तथा आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से परिवारों को पंजीकरण में मदद देने का सुझाव दिया है.
