भारत में कामकाजी महिलाओं की संख्या आठ वर्षों में दोगुनी होकर 20 करोड़ से अधिक हो गई है. हालांकि, रोजगार में यह वृद्धि महिलाओं के लिए घरेलू जिम्मेदारियों में राहत नहीं ला सकी. घर और बच्चों की देखभाल में पुरुषों की भागीदारी पर्याप्त रूप से नहीं बढ़ने के कारण महिलाओं पर काम का दोहरा बोझ बना हुआ है.
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, घर और रोजगार से जुड़े काम पूरे करने के बाद महिलाओं को आराम, नींद और निजी समय के लिए पुरुषों की तुलना में रोजाना 70 मिनट कम मिलते हैं. ग्रामीण क्षेत्रों में महिला श्रम भागीदारी 23.7% से बढ़कर 44.9% हुई, जबकि शहरों में यह 18.2% से बढ़कर 25.9% रही.
ग्रामीण क्षेत्रों में काम करने वाली 73.3% महिलाएं कृषि से जुड़ी हैं. पुरुषों में कृषि से जुड़े काम का हिस्सा 47.2% बताया गया है. रोजगार बढ़ने के बावजूद महिलाओं की बड़ी संख्या बिना वेतन वाले या पारिवारिक काम में है. बिना वेतन वाले कामों में महिलाओं की संख्या 1.39 करोड़ से बढ़कर 5.60 करोड़ और पारिवारिक काम में 2.88 करोड़ से बढ़कर 4.93 करोड़ हो गई.
इसके विपरीत, नियमित और सुरक्षित नौकरियों में महिलाओं की हिस्सेदारी 10.5% से घटकर 9.3% रह गई. ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं की औसत कमाई पुरुषों की तुलना में करीब 45% और शहरी क्षेत्रों में 61% बताई गई है. 60% महिलाओं ने घरेलू और बच्चों की जिम्मेदारियों को नियमित रोजगार से बाहर रहने की वजह बताया, जबकि पुरुषों में यह अनुपात 1% था.
