भारत में हृदय संबंधी बीमारियां कम उम्र में क्यों सामने आ रही हैं, इसका सटीक जवाब अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है. द लैंसेट रीजनल हेल्थ साउथ ईस्ट एशिया में प्रकाशित एक लेख में वैज्ञानिकों ने इस सवाल की जांच के लिए भारत में कार्डियोथोरेसिक बायोबैंक मॉडल विकसित करने का प्रस्ताव दिया है.
शोधकर्ताओं के अनुसार, भारत में पहला हार्ट अटैक औसतन करीब 53 वर्ष की उम्र में सामने आ रहा है. दक्षिण एशियाई आबादी में हृदय रोगों के कारणों को समझने के लिए बड़े और व्यवस्थित शोध डेटा की कमी है. इसी वजह से यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है कि भारतीय मरीजों में बीमारी के पीछे कौन से जैविक और आनुवंशिक कारक काम कर रहे हैं.
सर्जरी के दौरान निकले टिश्यू पर जोर
लेख में कहा गया है कि केवल ब्लड टेस्ट, सीटी स्कैन, एमआरआई या एंजियोग्राफी से बीमारी की पूरी जैविक तस्वीर मिलना मुश्किल हो सकता है. इसके लिए हृदय की सर्जरी के दौरान निकाले गए रोगग्रस्त टिश्यू का अध्ययन जरूरी है. इनमें एओर्टा, हार्ट वाल्व और बीमारी से प्रभावित अन्य हिस्से शामिल हो सकते हैं.
वर्तमान में ऐसे टिश्यू को कई बार मेडिकल वेस्ट मानकर नष्ट कर दिया जाता है. कुछ मामलों में उनकी जांच इलाज की प्रक्रिया के हिस्से के रूप में होती है, लेकिन बड़े पैमाने पर वैज्ञानिक शोध के लिए उनका इस्तेमाल नहीं किया जाता. वैज्ञानिकों का सुझाव है कि मरीज की सहमति और उचित शोध प्रक्रियाओं के तहत बायोप्सी तथा सर्जरी से मिले टिश्यू को सुरक्षित रखा जाए और उनके डेटा को लंबे समय के क्लीनिकल परिणामों से जोड़ा जाए.
मौजूदा केंद्रों से नेटवर्क बढ़ाने का सुझाव
लेख में पूरे देश में एक साथ नई व्यवस्था शुरू करने के बजाय मौजूदा कार्डियोथोरेसिक शोध केंद्रों को चरणबद्ध तरीके से जोड़ने की बात कही गई है. इसके लिए नीदरलैंड के एक कार्डियोथोरेसिक बायोबैंक मॉडल का उदाहरण दिया गया है, जिसे भारत की जरूरतों के अनुसार अपनाया जा सकता है.
भारत में कुछ केंद्र सर्जरी के दौरान निकले टिश्यू जमा करते हैं, लेकिन अलग-अलग हृदय और छाती से जुड़ी बीमारियों के टिश्यू, ब्लड सैंपल और क्लीनिकल डेटा को बड़े स्तर पर एक साथ उपलब्ध कराने वाला ढांचा अभी नहीं है.
शोधकर्ताओं के मुताबिक, ऐसा डेटा बैंक बनने पर हार्ट अटैक, कार्डियक अरेस्ट, एओर्टा की अंदरूनी परत फटने जैसी गंभीर स्थितियों और कनेक्टिव टिश्यू डिजीज के जैविक आधार को बेहतर समझा जा सकेगा. भविष्य में इससे अलग-अलग मरीजों में बीमारी के विकास का अध्ययन और अधिक सटीक उपचार तैयार करने में मदद मिल सकती है.
