रक्षा मंत्रालय ने भारतीय सेना की हवाई सुरक्षा क्षमता मजबूत करने के लिए भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) के साथ करीब ₹770 करोड़ का करार किया है. इस समझौते के तहत Improved Low Level Lightweight Radar यानी LLLR-I खरीदे जाएंगे.
मंत्रालय के अनुसार, ये रडार लड़ाकू विमानों के साथ-साथ बेहद छोटे ड्रोन का भी पता लगाने और उनकी गतिविधियों को ट्रैक करने में सक्षम होंगे. रडार हवाई लक्ष्यों की पहचान करने के साथ यह तय करने में भी मदद करेंगे कि किस खतरे पर पहले ध्यान दिया जाना चाहिए.
ड्रोन खतरों से निपटने में मदद
LLLR-I से सेना को कम ऊंचाई पर उड़ने वाले और छोटे आकार के हवाई लक्ष्यों की निगरानी में सहायता मिलने की उम्मीद है. इससे दुश्मन के ड्रोन से जुड़े खतरों का मुकाबला करने और हवाई निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिल सकती है.
रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, यह करार देश की हवाई सुरक्षा को मजबूत करने के साथ स्वदेशी रक्षा उत्पादन को भी बढ़ावा देगा. BEL से रडार की खरीद से घरेलू रक्षा उद्योग और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) के लिए अवसर बनने की बात कही गई है. यह पहल आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया के लक्ष्यों के अनुरूप बताई गई है.
इससे पहले 15 अक्टूबर को मंत्रालय ने भारतीय वायुसेना और नौसेना की क्षमता बढ़ाने के लिए करीब ₹4,106 करोड़ के दो अन्य रक्षा करारों की जानकारी दी थी. इनमें वायुसेना के लिए ₹2,563 करोड़ का GSAT-7C संचार उपग्रह करार और नौसेना के लिए ₹1,543 करोड़ के स्वदेशी Varunastra हेवीवेट टॉरपीडो की खरीद शामिल थी.
