भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारियों की वर्दी में 1 दिसंबर से बदलाव होने जा रहा है. सेना ने 2023 में लागू किए गए ड्रेस संबंधी कुछ प्रावधानों को वापस लेने का फैसला किया है. इसके बाद ब्रिगेडियर और उससे ऊपर के अधिकारी अपनी रेजिमेंट या कोर से जुड़ी पारंपरिक पहचान फिर से प्रदर्शित कर सकेंगे.

मीडिया रिपोर्ट्स में 13 नवंबर के एक आंतरिक आदेश का हवाला देते हुए बताया गया है कि गोरखा राइफल्स के जनरल अपनी पारंपरिक गोरखा हैट पहन सकेंगे. स्पेशल फोर्सेज के वरिष्ठ अधिकारी मैरून बेरेट और बख्तरबंद रेजिमेंट के अधिकारी ब्लैक बेरेट पहन सकेंगे.

रेजिमेंटल चिन्ह लगाने की भी अनुमति

नए प्रावधानों के तहत वरिष्ठ अधिकारी अधिकृत वर्दी के साथ अपनी मूल रेजिमेंट या संबंधित कोर से जुड़े चिन्ह भी लगा सकेंगे. यह बदलाव केवल ब्रिगेडियर और उससे ऊपर के रैंक के अधिकारियों के लिए है.

2023 में सेना ने वरिष्ठ नेतृत्व के लिए वर्दी और उससे जुड़े सामान को अधिक समान बनाने की नीति लागू की थी. उस व्यवस्था में अधिकारियों की मूल रेजिमेंट और सर्विस की पहचान बताने वाले कई चिन्ह हटा दिए गए थे. अब सेना ने पारंपरिक रेजिमेंटल पहचान को फिर से जगह देने का निर्णय लिया है.

सेना की वर्दी में इस साल हुए अन्य बदलाव

भारतीय सेना ने इसी साल ‘आर्मी यूनिफॉर्म-2026’ नाम की 174 पेज की नियम पुस्तिका जारी की थी. इसमें परेड के रिव्यूइंग ऑफिसर के लिए तलवार रखना वैकल्पिक किया गया. कुछ मैस ड्रेस के साथ इस्तेमाल होने वाली पाउच बेल्ट हटाई गई और औपनिवेशिक दौर से जुड़े ‘रॉयल’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल बंद किया गया.

नई व्यवस्था में औपचारिक सिविल ड्रेस के तौर पर बंदी जैकेट को भी शामिल किया गया है. इसे फुल स्लीव शर्ट, फॉर्मल ट्राउजर और बंद जूतों के साथ पहना जा सकेगा.

सेना ने फरवरी 2023 में समारोहों में घोड़ा-गाड़ी, सेवानिवृत्ति के समय ‘पुल आउट’ कार्यक्रम और डिनर में पाइप बैंड जैसी कुछ पुरानी परंपराएं भी समाप्त की थीं.