रक्षा मंत्रालय ने भारतीय नौसेना के लिए आठ नई पीढ़ी के कॉर्वेट यानी युद्धपोत बनाने का ₹53,866.50 करोड़ का करार किया है. इन जहाजों में आधुनिक मिसाइल, हथियार और सेंसर सिस्टम लगाए जाएंगे. करार पर सोमवार को नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन-2 में रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह की मौजूदगी में हस्ताक्षर किए गए.

दो भारतीय कंपनियों को निर्माण की जिम्मेदारी

परियोजना के तहत कोलकाता की गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स लिमिटेड (GRSE) पांच युद्धपोत बनाएगी. गोवा शिपयार्ड लिमिटेड (GSL) को तीन युद्धपोत बनाने की जिम्मेदारी दी गई है. इन जहाजों को 2030 तक भारतीय नौसेना को सौंपने का लक्ष्य रखा गया है.

रक्षा मंत्रालय के अनुसार, कॉर्वेट में ऐसी प्रणालियां होंगी, जो हवा, समुद्र की सतह और पानी के भीतर से आने वाले खतरों से निपटने में मदद करेंगी. इनका इस्तेमाल समुद्री व्यापार मार्गों की सुरक्षा, दुश्मन के जहाजों और पनडुब्बियों के खिलाफ कार्रवाई, तटीय सुरक्षा तथा समुद्र तट के पास सैन्य अभियानों और निगरानी के लिए किया जाएगा.

70 प्रतिशत से अधिक सामग्री स्वदेशी

मंत्रालय के मुताबिक, युद्धपोतों में 70 प्रतिशत से अधिक सामग्री भारत में निर्मित होगी और इनकी डिजाइन भारतीय नौसेना तैयार करेगी. परियोजना को आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया अभियान से जोड़ा गया है. मंत्रालय का कहना है कि इससे देश में युद्धपोत निर्माण को बढ़ावा मिलेगा और रक्षा क्षेत्र में विदेशी निर्भरता कम करने में मदद मिल सकती है.

इस परियोजना से अगले 10 वर्षों में शिपयार्ड में 72 लाख और संबंधित उद्योगों में 460 लाख कामकाजी दिनों के बराबर रोजगार सृजित होने का अनुमान है. सरकारी रक्षा कंपनियों के साथ निजी शिपयार्ड और भारतीय उद्योग भी इसमें भाग लेंगे, जिससे छोटे और मध्यम कारोबारों को काम मिलने की उम्मीद है.